Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
TV 37 5 months ago
वाराणसी जंक्शन के सामने शुरू हुआ पुलिस सहायता केंद्र, यात्रियों और नागरिकों को मिलेगी त्वरित मदद

#वाराणसी | शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को थाना सिगरा क्षेत्र स्थित वाराणसी जंक्शन के सामने नवस्थापित पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन किया।

पुलिस सहायता केंद्र का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाना, यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना तथा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करना है।

वाराणसी जंक्शन पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों के आवागमन को देखते हुए स्थापित यह केंद्र क्षेत्र में सुरक्षा, निगरानी और आपातकालीन सहायता का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
सहायता केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

यह केंद्र विशेष रूप से महिला सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता, यात्रियों के मार्गदर्शन, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण जैसी चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, सहायक पुलिस आयुक्त शुभम कुमार, प्रभारी निरीक्षक सिगरा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस विभाग का मानना है कि इस सहायता केंद्र के संचालन से वाराणसी जंक्शन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं नागरिकों के लिए सुगम होगी।
Dailyhunt
Disclaimer: This content has been published by the user directly on Dailyhunt, an intermediary platform. Dailyhunt has neither reviewed nor has knowledge of such content. Publisher: TV 37