* मुख्य आरोपी सहित 4 हिरासत मेंयवतमाल/दि.22 -शहर के विदर्भ हाउसिंग सोसायटी इलाके में गुरुवार सुबह एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
मृतक की पहचान सचिन उर्फ येडा राठोड निवासी जामनकर नगर के रूप में हुई है. पुलिस ने मुख्य आरोपी बकुल उर्फ शेख शाहीद शेख रफीक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 4 अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, वाहन फाइनेंस के पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि बुधवार रात समझौता भी हुआ था, लेकिन रंजिश खत्म नहीं हुई और गुरुवार सुबह घटना को अंजाम दिया गया. जानकारी के मुताबिक, सचिन राठोड एक फाइनेंस कंपनी में वाहन सीज करने का काम करता था. गुरुवार सुबह वह अपने दोस्तों के साथ हनुमान मंदिर के पास खड़ा था. इसी दौरान आरोपी बकुल वहां पहुंचा और बातचीत के बहाने सचिन को पास बुलाया. आरोप है कि जैसे ही सचिन करीब पहुंचा, आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
हमला होते देख सचिन के दोस्त जिशान पाजी और पोईन काजी उसे बचाने दौड़े, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल सचिन जान बचाने के लिए भागा, लेकिन आरोपी ने गाड़ी से पीछा कर उसे दोबारा पकड़ा और फिर हमला किया. बाद में सचिन खून से लथपथ हालत में हनुमान मंदिर के पास मिला. उसे तत्काल जिला शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही अवधूतवाडी पुलिस और डीबी दस्ते ने कार्रवाई शुरू की. मृतक के रिश्तेदार भोला राठोड की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सचिन राठोड पहले आपराधिक मामलों में शामिल रहा था और उस पर एमपीडीए जैसी कार्रवाई भी हो चुकी थी. हालांकि पिछले छह महीनों से उसने अपराध की दुनिया से दूरी बना ली थी और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए फाइनेंस कंपनी में नौकरी शुरू की थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.

