अब सेलिब्रिटीज़ सिर्फ विज्ञापनों का चेहरा नहीं हैं. वे खुद बिज़नेस की रणनीति बनाने, ब्रांड की कहानी तय करने और ग्रोथ को रफ्तार देने में अहम भूमिका निभा रहे हैं.
2025 में यह साफ दिखा कि स्टारडम और ऑन्त्रप्रेन्योरशिप के बीच की दूरी लगभग खत्म हो चुकी है.
सिनेमा, म्यूज़िक और क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियां ब्रांड एंबेसडर से आगे बढ़कर इन्वेस्टर, को-फाउंडर और क्रिएटिव पार्टनर बनती नजर आईं.
इन सेलिब्रिटीज़ ने ऐसे ब्रांड्स को चुना जो उनकी सोच, रुचि और वैल्यूज़ से मेल खाते हैं.
YourStory ने 2025 में चर्चा में रहे टॉप 10 सेलिब्रिटी-समर्थित स्टार्टअप्स की एक क्यूरेटेड लिस्ट तैयार की है. यह लिस्ट किसी खास क्रम में नहीं है.
Prozo
रोहित शर्मा, रणबीर कपूर
जून महीने में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने सप्लाई चेन स्टार्टअप Prozo में एक अज्ञात राशि का निवेश किया. इसके बाद अभिनेता और उद्यमी रणबीर कपूर भी इस स्टार्टअप से जुड़े और उन्होंने भी निवेश किया. हालांकि, दोनों निवेशों की रकम सार्वजनिक नहीं की गई है.
Prozo की शुरुआत साल 2016 में पूर्व नेवी डॉक्टर अश्विनी जाखड़ ने की थी. यह कंपनी एक फुल-स्टैक लॉजिस्टिक्स प्लेटफॉर्म है, जो वेयरहाउसिंग, फ्रेट और फुलफिलमेंट जैसी सेवाओं को एक ही जगह पर जोड़ती है. Prozo का मॉडल 'पे-पर-यूज़' पर आधारित है, जिससे बड़े स्तर की लॉजिस्टिक्स सुविधाएं ब्रांड्स को आसानी से मिल पाती हैं. रोहित शर्मा इस स्टार्टअप में एक रणनीतिक निवेशक की भूमिका निभा रहे हैं.
अब तक Prozo कुल 20 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटा चुका है. इसमें Sixth Sense Ventures और Jafco Asia जैसे निवेशकों ने हिस्सा लिया है. कंपनी के मुताबिक, Prozo देशभर में 42 वेयरहाउस संचालित करता है, जिनका कुल क्षेत्रफल 25 लाख वर्ग फुट है, और यह 24,000 से ज्यादा पिन कोड्स तक डिलीवरी करता है.
गुरुग्राम स्थित Prozo आज 150 से अधिक ब्रांड्स के साथ काम कर रहा है. इनमें The Minimalist, Neemans, Comet, Beardo, Snitch, Traya, Powerlook और PhonePe जैसे नाम शामिल हैं.
ABD Maestro
रणवीर सिंह
Allied Blenders and Distillers (ABD) ने अपने प्रीमियम और इंटरनेशनल स्पिरिट्स ब्रांड्स को एक नई कंपनी ABD Maestro के तहत शिफ्ट किया है. इस नई यूनिट में अभिनेता रणवीर सिंह को बतौर क्रिएटिव पार्टनर शामिल किया गया है.
ABD ने इसमें 80% हिस्सेदारी के लिए 70 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जबकि बाकी हिस्सेदारी रणवीर सिंह की कंपनी Oh Five Oh Talent के पास है.
ABD Maestro का फोकस सुपर-प्रीमियम और लग्ज़री स्पिरिट्स सेगमेंट पर है. इसके पोर्टफोलियो में Arthaus Blended Malt Scotch Whisky, Zoya Gin (और इसके फ्लेवर), Woodburns Whisky, Pumori Gin और Pink Gin, Segredo Aldeia Cafe और White Rum जैसे ब्रांड शामिल हैं.
इस साल की शुरुआत में रणवीर सिंह के कंपनी से जुड़ने की घोषणा के बाद, ABD Maestro ने Rangeela Vodka और YELLO Designer Whisky को लॉन्च किया.
ACKO
महेंद्र सिंह धोनी
पूर्व भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी जुलाई महीने में D2C इंश्योरेंस कंपनी ACKO से निवेशक और ब्रांड एंबेसडर के रूप में जुड़े. धोनी ने यह रणनीतिक निवेश अपने फैमिली ऑफिस Midas Deals के जरिए किया है. हालांकि, इस डील की राशि सार्वजनिक नहीं की गई है.
ACKO की शुरुआत साल 2016 में वरुण दुआ ने की थी. कंपनी ने पारंपरिक इंश्योरेंस से जुड़े झंझट जैसे कागज़ी काम और लंबी प्रक्रिया को खत्म करने पर फोकस किया. ACKO ऑटो, हेल्थ और ट्रैवल इंश्योरेंस में D2C (डायरेक्ट-टू-कंज़्यूमर) मॉडल को आगे बढ़ाने वाली शुरुआती कंपनियों में से एक रही है. साल 2023 में कंपनी ने लाइफ इंश्योरेंस सेगमेंट में भी कदम रखा.
ACKO ने Oyo, redBus, Zomato, Swiggy, Razorpay और CRED जैसी बड़ी कंपनियों के साथ पार्टनरशिप की है. इन साझेदारियों के जरिए ACKO अब तक 7.8 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों तक अपनी इंश्योरेंस पॉलिसी पहुंचा चुका है.
Uppercase
जसप्रीत बुमराह
भारतीय क्रिकेटर जसप्रीत बुमराह इस साल अप्रैल में मुंबई स्थित सस्टेनेबल ट्रैवल गियर स्टार्टअप uppercase से निवेशक के तौर पर जुड़े. हालांकि, बुमराह का इस ब्रांड से जुड़ाव तीन साल पुराना है, जब वे इसके ब्रांड एंबेसडर बने थे.
अब इस साझेदारी के साथ बुमराह की भूमिका सिर्फ ब्रांड का चेहरा रहने तक सीमित नहीं रहेगी. वे ब्रांड के डेवलपमेंट में भी सक्रिय रूप से योगदान देंगे. uppercase की टीम बुमराह के साथ मिलकर एक नया प्रोडक्ट लाइन तैयार करेगी और कंपनी के अगले ग्रोथ फेज़ पर काम करेगी.
uppercase की स्थापना सुदीप घोष ने की थी और इसे Accel का समर्थन प्राप्त है. यह ब्रांड रिसाइकल्ड मैटेरियल से पर्यावरण के अनुकूल प्रोडक्ट्स डिजाइन और मैन्युफैक्चर करता है, जिसका मकसद कचरा कम करना और प्राकृतिक संसाधनों की बचत करना है.
कंपनी के मुताबिक, अब तक वह करीब 54.79 लाख प्लास्टिक बोतलों के बराबर प्लास्टिक को रिसाइकल कर चुकी है. इससे 4.36 लाख किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम हुआ है और 96,448 लीटर तेल की बचत हुई है.
uppercase देशभर में 1,600 पॉइंट्स ऑफ़ सेल के जरिए मौजूद है और टियर-1, टियर-2 और टियर-3 शहरों में इसके 32 आउटलेट्स हैं. कंपनी अगले दो साल में 100 नए एक्सक्लूसिव आउटलेट्स खोलने की योजना बना रही है और इसका लक्ष्य 250 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल करना है.
EXELmoto
सुनील शेट्टी, केएल राहुल, अहान शेट्टी
इस साल जून में अभिनेता सुनील शेट्टी, उनके बेटे अहान शेट्टी और क्रिकेटर व दामाद केएल राहुल ने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी स्टार्टअप EXELmoto में निवेश किया.
स्टार्टअप ने जून में अपनी पर्सनल मोबिलिटी ई-बाइक्स के लिए प्री-ऑर्डर शुरू किए थे. इसके बाद अक्टूबर के अंत में उसने 'Scoot' ई-साइकिल लॉन्च की. यह स्कूटर जैसे फ्रेम वाली ई-साइकिल है, जो पैडल असिस्ट पर चलती है और इसमें बेंच सीट दी गई है. इसे खासतौर पर महिलाओं और बुज़ुर्गों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. इस वाहन को चलाने के लिए न तो लाइसेंस की जरूरत है और न ही रजिस्ट्रेशन की.
मुंबई स्थित EXELmoto ने अब B2B (बिजनेस-टू-बिजनेस) लॉजिस्टिक्स के लिए Delhivery के साथ साझेदारी भी की है.
EXELmoto की स्थापना ऑटोमोटिव डिजाइनर और उद्यमी अक्षय वार्डे ने की थी. कंपनी का लक्ष्य 2026 की तीसरी तिमाही तक सालाना 50,000 बाइक्स का प्रोडक्शन करने का है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टार्टअप भविष्य में दक्षिण-पूर्व एशिया और मिडिल ईस्ट के बाजारों में भी विस्तार की योजना बना रहा है, जहां बिना लाइसेंस वाली मोबिलिटी की अनुमति है.
Bombay Shaving Company
राहुल द्रविड़
भारतीय क्रिकेट जगत के दिग्गज खिलाड़ी राहुल द्रविड़ ने नवंबर में पर्सनल केयर ब्रांड Bombay Shaving Company में एक अज्ञात राशि का निवेश किया. इस फंडिंग राउंड में कंपनी ने प्राइमरी और सेकेंडरी दोनों तरह के निवेश मिलाकर कुल 136 करोड़ रुपये जुटाए.
इस राउंड का नेतृत्व Sixth Sense Ventures ने किया. इसमें कंपनी के फाउंडर और CEO शांतनु देशपांडे, पाटनी फैमिली ऑफिस, GII, कई HNIs (High-Net-Worth Individuals) और राहुल द्रविड़ ने भी हिस्सा लिया.
Bombay Shaving Company युवा भारत को ध्यान में रखकर नए और इनोवेटिव ग्रूमिंग प्रोडक्ट्स तैयार करने पर फोकस कर रही है. कंपनी का रेवेन्यू रन-रेट 550 करोड़ रुपये से ज्यादा का है और यह PAT (Profit After Tax) स्तर पर मुनाफा भी हासिल कर चुकी है. अब यह फंडिंग कंपनी के लिए एक रणनीतिक कदम है, जिसके जरिए वह खुद को मजबूत करते हुए संभावित IPO (Initial Public Offer) की तैयारी कर रही है.
Rutland Square Spirits
विवेक ओबेरॉय
एक्टर और ऑन्त्रप्रेन्योर विवेक ओबेरॉय ने इस साल मई में Rutland Square Spirits में 52.5 करोड़ रुपये का निवेश कर 21% हिस्सेदारी हासिल की. इस निवेश के बाद विवेक ओबेरॉय कंपनी के को-फाउंडर और चेयरमैन की भूमिका निभा रहे हैं.
Rutland Square Spirits एक प्रीमियम स्कॉटिश स्पिरिट्स कंपनी है, जिसकी स्थापना निशांत शर्मा और वीनू शर्मा ने की है. यह ब्रांड अपनी खास ऊलोंग व्हाइट-टी से बनी जिन के लिए जाना जाता है. कंपनी स्कॉटलैंड की स्पिरिट्स परंपरा को भारत की चाय विरासत से जोड़ती है, जिसमें डिब्रूगढ़ की मशहूर चाय पत्तियों का इस्तेमाल आर्टिज़नल डिस्टिलिंग में किया जाता है.
आगे की योजनाओं के तहत Rutland Square Spirits 1,500 करोड़ रुपये की अतिरिक्त फंडिंग जुटाने की तैयारी कर रही है. इस फंड का इस्तेमाल एडिनबर्ग में एक नेट-ज़ीरो लग्ज़री होटल बनाने में किया जाएगा, जिसमें स्कॉटलैंड का पहला आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर और यूरोप की पहली हाइड्रोजन-पावर्ड सुविधाएं होंगी.
Scuzi
अक्किनेनी नागा चैतन्य
एक्टर और ऑन्त्रप्रेन्योर अक्किनेनी नागा चैतन्य ने इस साल अप्रैल में हैदराबाद में अपना नया F&B (Food and beverage) वेंचर Scuzi लॉन्च किया. यह एक क्लाउड किचन है.
Scuzi का मेन्यू नागा चैतन्य के अंतरराष्ट्रीय खानपान अनुभव और निजी यात्राओं से प्रेरित है. इसमें कंफर्ट फूड्स को एक खास गौरमेट टच के साथ पेश किया गया है.
यह F&B सेक्टर में नागा चैतन्य का दूसरा वेंचर है. इससे पहले उनका पैन-एशियन ब्रांड Shoyu काफी सफल रहा है. Shoyu ने अक्टूबर में बेंगलुरु में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाई.
Dear Diary
रश्मिका मंदाना
अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने जुलाई में अपना फ्रेगरेंस ब्रांड Dear Diary लॉन्च किया. यह ब्रांड न्यूयॉर्क स्थित ब्यूटी इनक्यूबेटर The PCA Companies के साथ साझेदारी में शुरू किया गया है, जो इमोशनल स्टोरीटेलिंग को बिज़नेस के साथ जोड़ने के लिए जाना जाता है.
Dear Diary यादों और भावनाओं से जुड़ा एक परफ्यूम कलेक्शन है, जो रश्मिका के जीवन के अनुभवों और निजी एहसासों से प्रेरित है. इन खुशबुओं में भारत से लिए गए इंग्रेडिएंट्स का इस्तेमाल किया गया है, जैसे पिंक लोटस, जैस्मिन, गन्ना, लीची और पैशनफ्रूट. ब्रांड की ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन और ग्रोथ में The PCA Companies की अहम भूमिका रही है.
फिलहाल Dear Diary ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स और ब्रांड की वेबसाइट पर उपलब्ध है. यह 10 ml की बोतल में 599 रुपये में और 100 ml वेरिएंट 1,599 रुपये में मिल रहा है.
Malgudi
शंकर महादेवन
भारतीय गायक और संगीतकार शंकर महादेवन हाल ही में Eatopia Holdings के सीईओ और एमडी केएस रामकृष्णन के साथ मिलकर उनके अधिग्रहित F&B ब्रांड Malgudi को नए सिरे से पेश करने के लिए जुड़े हैं. ग्रैमी अवॉर्ड विजेता शंकर महादेवन अगस्त में इस साउथ इंडियन क्यूज़ीन रेस्टो-कैफे के को-फाउंडर बने.
इसके बाद नवंबर में टीम ने Malgudi On The Go लॉन्च किया, जो एक QSR (क्विक सर्विस रेस्टोरेंट) फॉर्मैट है. इसका मकसद क्षेत्रीय व्यंजनों को ज्यादा लोगों तक आसान और किफायती तरीके से पहुंचाना है.
Malgudi का मेन्यू पूरी तरह शाकाहारी है, जिसमें हल्की थाटे इडली, मुलबागल डोसा और खास फ़िल्टर कप्पी बारिस्ता प्रोग्राम शामिल हैं. रेस्टोरेंट की मुंबई में पहले ही दो लोकेशन्स खुल चुकी हैं और जल्द ही एक और आउटलेट शुरू करने की तैयारी है.
(Translated by: रविकांत पारीक)
Thermocool: 30 साल पहले कूलर बनाने से हुई शुरुआत, आज है 190 करोड़ का ब्रांड

