Dailyhunt
क्योंझर में 1330 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन, मोहन चरण माझी ने ई-बसों को दिखाई हरी झंडी

क्योंझर में 1330 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन, मोहन चरण माझी ने ई-बसों को दिखाई हरी झंडी

5 Dariya News 1 week ago

डिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को क्योंझर जिले में लगभग 1,330.24 करोड़ रुपए की लागत वाली 187 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र के समग्र विकास और परिवहन व्यवस्था को विश्वस्तरीय बनाना है।

क्योंझर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 17 करोड़ रुपए की लागत से बने नए 'अमा बस' डिपो का उद्घाटन किया और जिले के लिए 25 आधुनिक ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इसके साथ ही उन्होंने क्योंझर जिले के विभिन्न स्थानों पर लगभग 705 करोड़ रुपए की लागत वाली 62 परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। वहीं, 251 करोड़ रुपए की 24 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले के विकास को तेज करने के लिए 375 करोड़ रुपए की लागत वाली 101 नई परियोजनाओं की भी घोषणा की।

सीएम मोहन चरण माझी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि क्योंझर ने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, लेकिन अतीत में यह जिला उपेक्षित रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने के बाद यहां विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में एक मेगा स्टील प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही इसकी आधारशिला रखी जाएगी।

इससे क्योंझर को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। ई-बस सेवा पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है, जहां वे चालक और मार्गदर्शक की भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि किफायती किराया और डिजिटल भुगतान की सुविधा छात्रों और श्रमिकों दोनों के लिए लाभकारी होगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ई-बस योजना से हर साल लगभग 330 से 390 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, जिससे पर्यावरण को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस सेवा को अन्य शहरों में भी विस्तार दिया जाएगा और इसके रखरखाव के लिए लगभग 238 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल ओडिशा को हरित परिवहन (ग्रीन मोबिलिटी) के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाएगी। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि आने वाले 10 साल ओडिशा के लिए "संकल्प का दशक" होंगे और 2036 तक क्योंझर 'समृद्ध ओडिशा' के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: 5 Dariya News Hindi