Dailyhunt
विकास और विरासत के संगम की ओर बढ़ता ग्वालियर : ज्योतिरादित्य सिंधिया

विकास और विरासत के संगम की ओर बढ़ता ग्वालियर : ज्योतिरादित्य सिंधिया

5 Dariya News 2 weeks ago

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि ग्वालियर अब केवल अपनी ऐतिहासिक विरासत के लिए ही नहीं, बल्कि आधुनिक कनेक्टिविटी और विकास के लिए भी पहचाना जाएगा।

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री सिंधिया ने दिल्ली से वर्चुअली ग्वालियर हवाई अड्डे से अकासा एयरलाइंस की क्यू पी--1572 बेंगलुरु-दिल्ली-ग्वालियर और क्यू पी-1573 ग्वालियर-दिल्ली-बेंगलुरु की नई उड़ान सेवा का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह केवल एक हवाई सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि ग्वालियर के आत्मविश्वास, विकास की रफ्तार और नए भारत की पहचान की उड़ान है।

सिंधिया ने कहा कि अब ग्वालियर से दिल्ली और बेंगलुरु के लिए हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत हो गई है। अब तक यहाँ से इंडिगो की उड़ानें सप्ताह में केवल तीन दिन (मंगलवार, गुरुवार और शनिवार) संचालित हो रही थीं, लेकिन अब अकासा एयर के जुड़ने से सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को भी उड़ान उपलब्ध होगी। इस प्रकार अब सप्ताह में छह दिन सीधी हवाई सेवा उपलब्ध होगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने आम लोगों से इस सेवा का भरपूर उपयोग करने का आह्वान किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जहां कनेक्टिविटी होती है, वहीं प्रगति होती है। ग्वालियर अब केवल अपनी ऐतिहासिक विरासत के लिए ही नहीं, बल्कि आधुनिक कनेक्टिविटी और विकास के लिए भी पहचाना जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है, मुंबई आर्थिक राजधानी है और ग्वालियर देश का दिल है, अब इस दिल की धड़कन देशभर में महसूस की जाएगी।

इस अवसर पर सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और विकसित भारत 2047 के विजन के कारण ही ऐसी कनेक्टिविटी परियोजनाएं साकार हो रही हैं। साथ ही उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू के सहयोग के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया। सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर मध्य प्रदेश का प्रमुख पर्यटन केंद्र है और नई हवाई सेवा से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी।

इससे होटल उद्योग, परिवहन, गाइड, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यापार को सीधा लाभ मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ग्वालियर में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने हाल ही में शहर की 1400 करोड़ की लागत से बन रही एलिवेटेड रोड का निरीक्षण किया, जो ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाकर शहरी सुगमता को नए स्तर पर ले जाएगी।

उन्होंने बताया कि लगभग 1347 करोड़ की लागत से बन रहा वेस्टर्न बायपास ग्वालियर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा, जिससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा और लॉजिस्टिक्स तथा औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। सिंधिया ने यह भी बताया कि 5000 करोड़ का आगरा-ग्वालियर मार्ग और ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ ग्वालियर की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित करेगा, जो 'विकास भी, विरासत भी' के मंत्र को साकार करेगा। अंत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ग्वालियर अब एक निर्णायक विकास चरण में प्रवेश कर चुका है और आने वाले समय में यह शहर देश के प्रमुख विकास केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: 5 Dariya News Hindi