Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
डॉ. कल्याण गंगवाल ‌'डॉ. के.एच. संचेती मेडी रत्न पुरस्कार‌' से सम्मानित

डॉ. कल्याण गंगवाल ‌'डॉ. के.एच. संचेती मेडी रत्न पुरस्कार‌' से सम्मानित

पुणे, 7 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) संचेती हॉस्पिटल ने चिकित्सा क्षेत्र में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व को सम्मानित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‌'डॉ. के. एच. संचेती मेडी रत्न पुरस्कार‌' की स्थापना की है.

मेडिजैन कम्युनिटी के सहयोग से शुरू किया गया यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन चिकित्सकों को समर्पित है, जिन्होंने उपचार से आगे बढ़कर समाज पर सकारात्मक और दीर्घकालिक प्रभाव छोड़ा है. राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर आयोजित पहले पुरस्कार समारोह में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. कल्याण मोतीलालजी गंगवाल को इस सम्मान से अलंकृत किया गया. डॉ. गंगवाल चिकित्सा जगत का एक प्रतिष्ठित नाम हैं और उनका लंबा चिकित्सा अनुभव कैरियम हॉस्पिटल, पुना हॉस्पिटल तथा ससून हॉस्पिटल जैसी प्रमुख संस्थाओं से जुड़ा रहा है. समारोह में दर्शन आई केयर सेंटर के संस्थापक एवं वरिष्ठ नेत्र शल्य चिकित्सक तथा मेडिजैन के संरक्षक डॉ. जिग्नेश तसवाला, संचेती ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के अध्यक्ष डॉ. पराग के. संचेती, मेडिजैन के संरक्षक डॉ. पराग जैन, अध्यक्ष डॉ. ज्योति संघवी, सचिव डॉ. सोनल पालरेचा, कोषाध्यक्ष डॉ. आरती भटेवरा, रूपल संचेती, अर्चना संचेती, संचेती एडवांस्ड ऑर्थोकेयर हॉस्पिटल के प्रमुख यशवंत शिवण्णा सहित चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं. संचेती ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के अध्यक्ष डॉ. पराग के. संचेती ने कहा कि उनके पिता पद्मविभूषण डॉ. के. एच. संचेती ने ‌'रोगी सेवा ही ईेशर सेवा‌' के सिद्धांत पर संचेती हॉस्पिटल की स्थापना की थी. उन्होंने हमेशा यह सिखाया कि डॉक्टर का दायित्व केवल अस्पताल तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज के प्रति भी उसकी समान जिम्मेदारी होती है. इसी विचार को आगे बढ़ाने के लिए इस पुरस्कार की शुरुआत की गई है. उन्होंने कहा कि डॉ. कल्याण गंगवाल ने अपने कार्यों से चिकित्सा सेवा और समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है. इसलिए इस पुरस्कार के पहले सम्मान प्राप्तकर्ता के रूप में उनका चयन पूरी तरह उपयुक्त है. मेडिजैन की अध्यक्ष डॉ. ज्योति संघवी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे डॉक्टरों का सम्मान समाज को नई दिशा देने का कार्य करेगा, जो चिकित्सा सेवा के साथ सामाजिक परिवर्तन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

शाकाहार को बढ़ावा दिया

डॉ. गंगवाल ने दशकों से उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के साथ शाकाहार, अहिंसा, पशु कल्याण, नशामुक्ति अभियान और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का उल्लेखनीय कार्य किया है. उन्होंने व्याख्यानों, पुस्तकों, प्रदर्शनियों और विभिन्न जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से हजारों लोगों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है. यह पुरस्कार केवल सम्मान नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व की उस परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास है, जिसकी नींव पद्मविभूषण डॉ. के. एच. संचेती ने रखी थी. आज भी उनका प्रेरणादायी व्यक्तित्व और स्वास्थ्य सेवा के प्रति समर्पण नई पीढ़ी के डॉक्टरों को समाज के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Aaj Ka Anand