Dailyhunt
मार्केटयार्ड में कर्नाटक हापुस का आगमन

मार्केटयार्ड में कर्नाटक हापुस का आगमन

गुलटेकड़ी, 6 अप्रैल (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

कोंकण के देवगढ़ और रत्नागिरि के बाद अब मार्केट यार्ड के फल विभाग में कर्नाटक हापुस आम की आवक बढ़नी शुरू हो गई है. पिछले साल सीजन जल्दी शुरू हो गया था, लेकिन इस साल आम का सीजन अपने नियमित समय पर शुरू हुआ है.

मार्केटयार्ड के कर्नाटक हापुस व्यापारी रोहन उरसल ने जानकारी दी है कि, 10 से 15 अप्रैल के बाद आम की भारी आवक होने की संभावना है, जिसके परिणामस्वरूप कीमतों में और गिरावट आएगी. पिछले 10 से 15 दिनों से बाजार में कर्नाटक हापुस आम की आवक शुरू हो गई है और अब इसमें लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है. वर्तमान में बाजार में 10 से 20 किलो के 1 हजार क्रेट और 2 दर्जन वाले 1 हजार बॉक्स की प्रतिदिन आवक हो रही है. आवक पूरी तरह बढ़ने पर यह संख्या 15 से 20 हजार बॉक्स और 7 से 8 हजार क्रेट तक पहुंच जाती है. यह आवक मुख्य रूप से तुमकुर क्षेत्र से हो रही है. कर्नाटक पायरी और लालबाग की आवक पहले ही शुरू हो चुकी है. व्यापारियों ने बताया कि, अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का सीधा असर कर्नाटक हापुस के निर्यात पर पड़ा है. युद्ध की स्थिति के कारण खाड़ी देशों को होने वाला निर्यात पूरी तरह ठप हो गया है. इस वजह से माल अब स्थानीय बाजारों में अधिक मात्रा में पहुंच रहा है. परिणामस्वरूप, अनुमान है कि इस बार सामान्य की तुलना में 20 से 25 प्रतिशत कम दाम रहेंगे.

4 से 5 दर्जन की पेटी 1,800 से 2,200 रु.

कर्नाटक हापुस की आवक शुरू हो गई है. वर्तमान में होलसेल मार्केट में हापुस की 4 से 5 दर्जन की पेटी 1,800 से 2,200 रुपये के भाव में बिक रही है. इस वर्ष सीजन समय पर शुरू हुआ है. अनुकूल वातावरण के कारण इस साल उत्पादन अधिक होने का अनुमान है. हमेशा की तरह, पुणे के लोग 15 जून तक आम के स्वाद का आनंद ले सकेंगे. -रोहन उरसल, कर्नाटक हापुस व्यापारी.

होलसेल मार्केट में आम की कीमतें

(क्वालिटी के हिसाब से प्रति किलो रुपये)

हापुस ---------------- 150 से 200 रुपये.

लालबाग --------------- 50 से 80 रुपये.

पायरी -----------------80 से 120 रुपये.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Aaj Ka Anand