Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
अमृतपाल समर्थकों का चंडीगढ़ में प्रदर्शन, CM आवास की घेराबंदी की कोशिश, हाई अलर्ट पर पुलिस

अमृतपाल समर्थकों का चंडीगढ़ में प्रदर्शन, CM आवास की घेराबंदी की कोशिश, हाई अलर्ट पर पुलिस

Aaj Ki Khabar 2 weeks ago

डूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी के आह्वान पर गुरुवार को बड़ी संख्या में समर्थक पंजाब के मुख्यमंत्री के आवास की ओर कूच करने के लिए चंडीगढ़ पहुंचे। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और मुख्यमंत्री आवास के आसपास हाई अलर्ट घोषित किया गया है।

पुलिस ने सेक्टर-45 चौक समेत कई संवेदनशील इलाकों में भारी बैरिकेडिंग की है। पूरे क्षेत्र को कंटीले तारों से घेरा गया है और बैरिकेड्स पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 लागू होने संबंधी नोटिस लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए चंडीगढ़ पुलिस के साथ पैरामिलिट्री बलों की भी तैनाती की गई है।

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन में शामिल होने के लिए करीब 2,000 से 3,000 समर्थक चंडीगढ़ पहुंचे। इनमें से कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर शहर में प्रवेश कर गए, जिसके बाद मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा और बढ़ा दी गई। मुख्यमंत्री आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले भी तैयार रखे हैं। जिस स्थान पर बैरिकेडिंग की गई है, वहां से मुख्यमंत्री आवास की दूरी लगभग 200 मीटर बताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

कौन हैं अमृतपाल सिंह?
अमृतपाल सिंह पंजाब के खडूर साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। वह स्वयं को सिख धर्म प्रचारक बताते हैं, जबकि भारतीय सुरक्षा एजेंसियां उन्हें खालिस्तान समर्थक विचारधारा से जुड़ा मानती हैं। उनके समर्थक उन्हें सिख अधिकारों की आवाज बताते हैं, जबकि आलोचकों का आरोप है कि उनकी गतिविधियां अलगाववादी विचारों को बढ़ावा देती हैं। अमृतपाल सिंह फिलहाल राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Aaj Ki Khabar