दिल्ली पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए सोना उर्फ सोनिया नाम की महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी घरेलू नौकरानी का काम करती थी और उसने पुलिस से बचने के लिए अपने घर को खतरनाक कुत्तों से घेरकर "डॉग फोर्ट्रेस" बना रखा था।
मामला अप्रैल महीने का है, जब शालीमार बाग इलाके में एक घर से सोने के गहने चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि महिला ने चोरी के गहनों को गिरवी रखकर करीब 5 लाख रुपये का लोन लिया था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी के 15 गोल्ड लोन अकाउंट्स हैं और लगभग 2 किलो सोने के गहने अलग-अलग बैंकों और फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखे गए थे। पुलिस ने उसके पास से 1 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रही है।
पुलिस से बचने के लिए महिला ने अपने घर में करीब 15 खतरनाक कुत्ते पाल रखे थे, जिनमें पिटबुल, अमेरिकन बुली और हाइब्रिड नस्ल के कुत्ते शामिल हैं। इन कुत्तों के डर से कोई भी उसके घर में प्रवेश नहीं कर पाता था, जिससे उसने अपने घर को एक तरह का सुरक्षित किला बना लिया था। छापेमारी के दौरान मुथूट फिनकॉर्प, मुथूट फाइनेंस और फेडरल बैंक में गिरवी रखे गए करीब 2 किलो सोने के गहनों का पता लगाया गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के सभी बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए हैं और चोरी का बाकी सामान बरामद करने की कार्रवाई जारी है।

