Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
लखनऊ में बारिश ने खोली सड़कों की पोल, IT चौराहे के पास धंसी सड़क; 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरी बाइक, दो घायल

लखनऊ में बारिश ने खोली सड़कों की पोल, IT चौराहे के पास धंसी सड़क; 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरी बाइक, दो घायल

Aaj Ki Khabar 1 week ago

खनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क धंसने की घटना सामने आई है। IT चौराहे के पास मुख्य मार्ग पर अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया और देखते ही देखते वहां 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा बन गया।

हादसे के दौरान बाइक सवार दो लोग गड्ढे में जा गिरे। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला और घायल को अस्पताल पहुंचाया।

बारिश में नहीं दिखा गड्ढा, बाइक समेत गिरे दो भाई

जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब नितिन प्रजापति अपने भाई के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बारिश के कारण सड़क पर पानी जमा था, जिसकी वजह से धंसी हुई सड़क का अंदाजा नहीं लग सका। अचानक बाइक गहरे गड्ढे में जा गिरी। नितिन के मुताबिक, हादसे में उनका भाई बेहोश हो गया था। आसपास मौजूद लोगों ने मदद करते हुए उन्हें गड्ढे से बाहर निकाला। घटना के करीब 10 से 15 मिनट बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के आवास के पास धंसी सड़क

जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वह लखनऊ के बेहद व्यस्त इलाके में आता है। यह जगह लखनऊ विश्वविद्यालय के पास और कृषि निदेशक कार्यालय वाली सड़क के करीब बताई जा रही है। सड़क के ठीक बगल में पूर्व उपमुख्यमंत्री और सांसद दिनेश शर्मा का आवास भी है। VIP और व्यस्त इलाके में सड़क धंसने और इतना गहरा गड्ढा बनने से प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी।

नगर निगम ने गड्ढे को भरवाया

घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए सड़क पर बने गड्ढे को भरवा दिया। हालांकि, बारिश के दौरान सड़क धंसने की इस घटना ने शहर की सड़कों की स्थिति और जल निकासी व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

कानपुर में भी धंस चुकी है सड़क

इससे पहले कानपुर में भी बारिश के दौरान सड़क धंसने की घटना सामने आई थी। जाजमऊ के सरैया चौराहे के पास सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया था, जिसके बाद करीब 18 फीट गहरा गड्ढा बन गया था। गड्ढे के कारण सड़क की एक लेन पर यातायात रोकना पड़ा था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि कुछ समय पहले सड़क पर बने छोटे गड्ढे को तकनीकी जांच के बिना भर दिया गया था। लगातार बारिश के बाद उसी हिस्से में दोबारा जमीन धंसने से स्थिति गंभीर हो गई थी। यह मार्ग जाजमऊ को सर्किट हाउस से जोड़ता है और शहर के प्रमुख रास्तों में शामिल है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Aaj Ki Khabar