Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Gurugram News: आवारा मवेशी पकड़ने गई नगर निगम टीम पर पथराव, कृष्णा चौक पर मचा हंगामा, आरोपी फरार

Gurugram News: आवारा मवेशी पकड़ने गई नगर निगम टीम पर पथराव, कृष्णा चौक पर मचा हंगामा, आरोपी फरार

Gurugram Latest News: गुरुग्राम में मंगलवार को आवारा मवेशियों को पकड़ने गई नगर निगम की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। पालम विहार के कृष्णा चौक के पास नगर निगम की टीम मवेशियों को पकड़कर गौशाला ले जा रही थी, तभी कुछ लोगों ने निगम की गाड़ी को रोक लिया।

बहस के बाद मामला बढ़ गया और आरोप है कि भीड़ ने निगम कर्मचारियों के साथ बदसलूकी और हाथापाई की। इसके बाद निगम की गाड़ी पर पथराव किया गया। पथराव में सरकारी वाहन के शीशे टूट गए। स्थिति बिगड़ने पर निगम कर्मचारी मौके से हट गए। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

हरिनगर से पकड़े थे मवेशी

जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम ने मंगलवार दोपहर हरिनगर कॉलोनी से आवारा मवेशियों को पकड़ा था। टीम इन मवेशियों को पालम विहार रोड स्थित कार्टरपुरी गौशाला ले जा रही थी। इसी दौरान कृष्णा चौक के पास कुछ लोग वाहनों और बाइक से पहुंचे और निगम की गाड़ी को रोक दिया। इसके बाद कर्मचारियों और विरोध कर रहे लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

पथराव में टूटे गाड़ी के शीशे

आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने नगर निगम के कर्मचारियों के साथ बदसलूकी और हाथापाई की। इसके बाद भीड़ ने निगम के वाहन पर पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। पथराव के कारण सरकारी वाहन के शीशे टूट गए। घटना में किसी निगम कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। हमले के बाद कर्मचारियों ने मौके से हटकर अपनी जान बचाई। आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद था। इसके बावजूद विरोध कर रहे लोगों ने निगम की टीम पर पथराव कर दिया। पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को कंट्रोल किया और निगम के वाहन को वहां से निकलवाया।

आरोपियों की तलाश जारी

घटना के बाद नगर निगम की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने, वाहन में तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटनास्थल के CCTV फुटेज और सामने आए मोबाइल वीडियो की मदद से पथराव और हंगामे में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे और तत्काल किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं थी।

आवारा मवेशियों के लिए अभियान

गुरुग्राम में आवारा मवेशियों की समस्या लंबे समय से प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई है। हाल ही में नगर निगम गुरुग्राम ने शहर में घूम रहे 35,000 से अधिक आवारा मवेशियों को पकड़ने के लिए दो एजेंसियों को नियुक्त करने की योजना बनाई है। निगम का कहना है कि आवारा मवेशियों के कारण यातायात बाधित होने के साथ सड़क सुरक्षा को भी खतरा पैदा होता है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Aaj Samaaj