Dailyhunt
India-Bangladesh Relations: भारत-बांग्लादेश के रिश्तों में नई शुरुआत, नई दिल्ली पहुचे विदेश मंत्री खलीलुर रहमान

India-Bangladesh Relations: भारत-बांग्लादेश के रिश्तों में नई शुरुआत, नई दिल्ली पहुचे विदेश मंत्री खलीलुर रहमान

  • भारत के कई शीर्ष नेताओं से मिलेंगे खलीलुर

India-Bangladesh Relations, (आज समाज), नई दिल्ली: बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान (Khalilur Rahman) तीन दिन के दौरे पर भारत पहुंचे हैं जिससे बीते कुछ अरसे से दोनों देशों के बीच रिश्तों में बनी कड़वाहट कम होने की उम्मीद है।

भारत रवाना होने से पहले खलीलुर रहमान ने कहा कि वह किसी के पाबंद नहीं हैं। बताया जा रहा है कि यह कहकर उन्होंने अमेरिका को आंख दिखाई है। खलीलुर ने कहा, हमारे ऊपर किसी की पाबंद नहीं है और अमेरिका से बांग्लादेश का कोई समझौता नहीं है। जो समझौते थे वे पहले ही सार्वजनिक किए जा चुके हैं।

द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर होगी चर्चा

हालिया तनाव के बाद बांग्लादेशी विदेश मंत्री का यह भारत दौरा दोनों देशों के संबंधों को सुधारने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। रिश्तों को फिर से संतुलित करने में यह एक अहम कूटनीतिक पहल भी है। जानकारी के अनुसार खलीलुर रहमान भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के अलावा अन्य कई टॉप लीडर्स के साथ मुलाकात करेंगे और इस दौरान दोनों पक्षों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर बातचीत होगी।

डोवाल व हरदीप सिंह पुरी से भी मिलेंगे खलीलुर रहमान

बांग्लादेश के विदेश मंत्री भारतीय विदेश मंत्री के साथ विस्तृत वार्ता करेंगे। साथ ही वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल व पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भी मिलेंगे। गौरतलब है कि इसी साल फरवरी में बीएनपी के नेतृत्व वाली सरकार ने सत्ता संभाली है और इसके बाद किसी बांग्लादेशी मंत्री का यह पहला भारत दौरा है। इस वजह से भी खलीलुर रहमान की भारत यात्रा को खास माना जा रहा है। बांग्लादेश में इससे पहले मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार सत्ता में थी और उनके कार्यकाल में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमलों व भारत विरोधी बयानों के कारण दोनों देशों के रिश्तों में तनाव व्याप्त था।

वार्ता के एजेंडे में ये मुद्दे शामिल

ऊर्जा सहयोग को बढ़ावा, सीमा प्रबंधन को सशक्त बनाना, बांग्लादेशी नागरिकों के लिए वीजा सेवा बहाली, व्यापार को सुगम बनाने के उपाय व नदी जल बंटवारे से जुड़े पेंडिंग केसेज के हल आदि भारत व बांग्लादेश के बीच वार्ता के एजेंडे में शामिल हैं। खलीलुर रहमान के साथ बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर भी भारत पहुंचे हैं। यह उनके इस दौरे के महत्व को दर्शाता है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Aaj Samaaj