TMC Fund Case, (आज समाज), कोलकाता: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के फंड अनियमितता मामले में पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में 5 जगह छापेमारी की।
गौरतलब है कि टीएमसी के चुनावी चंदे और बैंक खातों को लेकर घमासान मचा है। मामला संदिग्ध लेन-देन व मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है।
केयरवेल एविएशन के निदेशकों के घर छापा
ईडी की टीमें कोलकाता व आसपास के इलाकों राधाबाजार, सॉल्ट लेक, और राजारहाट समेत पांच जगह सुबह पहुंची और ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की। राधाबाजार और राजारहाट स्थित केयरवेल एविएशन नाम की कंपनी के निदेशकों के घर व कार्यालयों को ईडी के अफसरों ने खंगाला। (TMC Fund Case)
विमानों का इस्तेमाल करते थे अभिषेक और पार्टी के अन्य बड़े नेता
जांच में सामने आया कि दौरों के लिए टीएमसी के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और पार्टी के अन्य बड़े नेता इसी कंपनी के प्राइवेट विमानों तथा हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल करते थे। सॉल्ट लेक में कंपनी के निदेशक, राजेश जाजू और पवन जाजू के घर पर ईडी ने छापे की कार्रवाई की। इस दौरान दोनों से बंद कमरे में पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही कि क्या नेताओं के लिए बुक होने वाले महंगे चार्टर्ड विमानों का भुगतान टीएमसी के उन्हीं अकाउंट्स से किया जा रहा था, जिनको लेकर शिकायत दर्ज है। TMC Fund Case
ऐसे शुरू हुआ था विवाद
बता दें कि टीएमसी के बैंक अकाउंट्स पर विवाद तब शुरू हुआ जब पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष अरूप विश्वास ने स्वयं बैंक के अफसरों को लिखे एक लेटर में खुद को पार्टी का अधिकृत कोषाध्यक्ष बताया था। उन्होंने पत्र में इन खातों से होने वाले लेन-देन को रोकने तथा इन्हें फ्रीज करने की अपील की थी। अरूप विश्वास ने वित्तीय गबन को लेकर साइबर क्राइम ब्रांच में भी एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद से ये अकाउंट केंद्रीय एजेंसियों की नजर में आ गए थे।

