Dailyhunt
IPL 2026 : चेन्नई के 'चेपॉक' में फीकी पड़ी मुंबई की चमक, ऋतुराज और कार्तिक के तूफान में उड़ी हार्दिक की पलटन

IPL 2026 : चेन्नई के 'चेपॉक' में फीकी पड़ी मुंबई की चमक, ऋतुराज और कार्तिक के तूफान में उड़ी हार्दिक की पलटन

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। कप्तान हार्दिक पांड्या का पहले बल्लेबाजी करने का फैसला पूरी तरह सही साबित नहीं हुआ। मुंबई ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 159 रन बनाए।नमन धीर ने मुंबई की ओर से सबसे जुझारू पारी खेली।

उन्होंने 37 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए।सलामी बल्लेबाज रयान रिकल्टन ने 37 रनों का योगदान दिया।CSK की गेंदबाजी: चेन्नई के लिए अंशुल कंबोज सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए। वहीं, स्पिनर नूर अहमद ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट अपने नाम किए।

160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम ने बेहद सधी हुई शुरुआत की। हालांकि, मैच का पासा तब पलटा जब कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए कार्तिक शर्मा के बीच साझेदारी शुरू हुई। ऋतुराज गायकवाड़ ने मोर्चे से टीम का नेतृत्व किया और 48 गेंदों पर नाबाद 67 रन बनाए।कार्तिक शर्मा ने गायकवाड़ का बखूबी साथ निभाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 78 गेंदों पर 98 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी हुई। कार्तिक ने 40 गेंदों पर 54 रनों की नाबाद पारी खेली और चौका जड़कर चेन्नई को जीत की दहलीज के पार पहुँचाया।चेन्नई ने यह लक्ष्य 19वें ओवर की पहली गेंद पर ही हासिल कर लिया।

IPL के इतिहास में यह महज तीसरा मौका है जब एक ही सीजन के दोनों लीग मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को मात दी हो। 2026 के इस सीजन में मुंबई की राह अब बेहद मुश्किल नजर आ रही है।

चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, रामकृष्ण घोष, प्रशांत वीर, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी।

(इम्पैक्ट प्लेयर: कार्तिक शर्मा)

मुंबई इंडियंस: हार्दिक पांड्या (कप्तान), विल जैक, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, तिलक वर्मा, रॉबिन मिंज, ट्रेंट बोल्ट, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Aap Ki Khabar