Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
अहमदाबाद में एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की आपातकालीन लैंडिंग, बम की धमकी मिलने से मचा हड़कंप

अहमदाबाद में एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की आपातकालीन लैंडिंग, बम की धमकी मिलने से मचा हड़कंप

हमदाबाद, 31 अगस्त (आईएएनएस)। सऊदी अरब के दम्माम से दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को सोमवार को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एसवीपीआई) पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी।

विमान में बम की धमकी संबंधी संदेश मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल एहतियाती कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, विमान ने भारतीय समयानुसार सुबह 10:25 बजे उड़ान भरी थी और शाम करीब 4:22 बजे अहमदाबाद हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की।

बताया गया है कि उड़ान के दौरान एक टिश्यू पेपर पर 'बम' लिखा हुआ मिला, जिसके बाद विमान चालक दल ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही विमान को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया गया।

लैंडिंग के बाद विमान को एयरपोर्ट के एक अलग और सुरक्षित क्षेत्र में ले जाकर खड़ा किया गया। इसके बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाला गया।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों और बम निरोधक दस्ते ने विमान की गहन जांच शुरू कर दी है। विमान और उसके सामान की पूरी तलाशी ली जा रही है। साथ ही यात्रियों की गिनती (हेडकाउंट) और आवश्यक पूछताछ की प्रक्रिया भी की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि विमान को फिलहाल आइसोलेटेड एरिया में रखा गया है, जहां सुरक्षा जांच और सैनिटाइजेशन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जांच पूरी होने तक किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।

हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अभी तक कोई विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां टिश्यू पेपर पर लिखे संदेश की सत्यता और उसके स्रोत की जांच कर रही हैं।

घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और संबंधित एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Aapka Rajasthan