Dailyhunt
खाना बनाते वक्त जरूर फॉलो करें ये टिप्स, 45 से 60 दिन चलेगा आपका LPG सिलेंडर

खाना बनाते वक्त जरूर फॉलो करें ये टिप्स, 45 से 60 दिन चलेगा आपका LPG सिलेंडर

 अक्सर लोग सोचते हैं कि तेज आंच पर खाना जल्दी पक जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं होता है. तेज आंच पर खाना जल्दी जल सकता है और गैस की खपत भी ज्यादा होती है. इसलिए दाल, सब्जी, चावल या अन्य सामान्य खाना मीडियम आंच पर पकाना बेहतर है, इससे खाना सही से पकता है और गैस की बचत भी होती है.

 प्रेशर कुकर गैस बचाने का सबसे आसान और असरदार तरीका है. कुकर में भाप बर्तन के अंदर रहती है, जिससे खाना जल्दी पक जाता है. दाल, चावल, सब्जी या राजमा जैसी चीजें प्रेशर कुकर में बनाने से समय भी कम लगता है और गैस की खपत भी कम होती है. PCRA (Petroleum Conservation Research Association) के अनुसार प्रेशर कुकर से दाल, चावल और सब्जियों में 20 प्रतिशत से लेकर 70 प्रतिशत तक फ्यूल बचाया जा सकता है.

जब भी खाना पकाएं, बर्तन पर ढक्कन जरूर लगाएं. ढक्कन लगाने से भांप बर्तन के अंदर ही रहती है और खाना जल्दी पकता है. बिना ढक्कन के खाना पकाने पर भांप बाहर निकल जाती है, जिससे खाना पकाने में ज्यादा समय लगता है और गैस ज्यादा खर्च होती है.

अक्सर लोग गैस जलाकर खाना बनाना शुरू करते हैं और फिर सब्जियां काटते हैं या मसाले तैयार करते हैं. इस दौरान गैस बिना जरूरत के जलती रहती है. इसलिए बेहतर है कि खाना बनाने से पहले सारी तैयारी कर लें. सब्जियां काट लें, मसाले तैयार कर लें. इससे खाना जल्दी बनेगा और गैस भी बचेगी.

सही बर्तन और पानी का यूज करें. जैसे हमेशा सपाट तले वाले बर्तन का यूज करें. ऐसा बर्तन बर्नर पर सही बैठता है और गर्मी सीधे बर्तन तक पहुंचती है. चौड़े बर्तन में खाना जल्दी पकता है और गैस कम लगती है. बर्तन में ज्यादा पानी भरने से उसे भाप बनने में ज्यादा समय लगता है और गैस ज्यादा खर्च होती है.

बर्नर और बर्तन साफ रखें. बर्नर में जमी कालिख और गंदगी गर्मी को कम करती है. पीली और नारंगी लपटें ध्यान से देखें, अगर बर्नर ठीक से काम नहीं कर रहा तो साफ करें. साफ बर्तन की सतह पर कोई कोटिंग नहीं होती, जिससे गर्मी सीधे खाने तक पहुंचती है. गंदे बर्तन गैस ज्यादा खर्च करते हैं.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: ABP Live Hindi