वैशाख शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर प्रदोष काल में नृसिंह रूप में अवतार लेकर भगवान विष्णु ने हिरण्यकश्यप का वध कर भक्त प्रह्लाद की रक्षा की थी. इसलिए भगवान का यह रूप रक्षा और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है.
भगवान विष्णु का चौथा अवतार यानी नृसिंह अवतार दिव्य होने के साथ ही उग्र भी है. इसलिए कई लोग ऐसा मानते हैं कि, भगवान के इस अवतार की तस्वीर या मूर्ति घर पर नहीं रखनी चाहिए. आइए जानते हैं, क्या नरसिंह भगवान की फोटो घर पर रख सकते है या नहीं?
धार्मिक मान्यता के अनुसार, नृसिंह भगवान की फोटो घर में लगाने या रखने पर किसी तरह की पाबंदी नहीं है. घर पर भगवान नृसिंह की मूर्ति या फोटो लगाने और पूजा करने से सुख-समृद्धि और ऐश्वर्य का आगमन होता है. लेकिन कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है.
घर पर भगवान नृसिंह की तस्वीर लगाने से पहले इसका ध्यान रखें कि, यह भगवान का उग्र स्वरूप है, इसलिए उनकी पूजा भी शांत और अनुशासित तरीके से की जानी चाहिए.
साथ ही घर के भगवान के उग्र, क्रोध या गुस्से वाली तस्वीर को न लगाकर आप शांत या मित्रवत अवतार वाली फोटो लगा सकते हैं. भक्त प्रह्लाद के साथ वाली सौम्य तस्वीर भी घर पर लगा सकते हैं.
घर पर भगवान नृसिंह के उग्र रूप खासकर हिरण्यकश्यप वध वाली तस्वीर को घर पर लगाने से बचना चाहिए. नृसिंह भगवान की फोटो लगाने के लिए घर की मुख्य दहलीज या प्रवेश द्वार को सबसे उत्तम स्थान माना जाता है.
लक्ष्मी नरसिंह स्वामी की तस्वीर घर पर लगाना शुभ होता है. यह भगवान विष्णु के उस शांत रूप को दर्शाता है, जिसमें माता लक्ष्मी उनकी गोद में बैठी हैं. यह रूप भगवान उग्र अवतार (हिरण्यकशिपु के वध के बाद) की ऊर्जा को शांत करने का प्रतीक है.

