Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
UP News: 'जन्मभूमि का ऋण चुकाना ही सच्ची देशभक्ति', मऊ में ग्रामीण सैनिक हॉस्पिटल के उद्घाटन पर बोले सीएम योगी

UP News: 'जन्मभूमि का ऋण चुकाना ही सच्ची देशभक्ति', मऊ में ग्रामीण सैनिक हॉस्पिटल के उद्घाटन पर बोले सीएम योगी

APN News 2 weeks ago

UP News: मऊ जिले के ताजोपुर गांव में शुक्रवार को ग्रामीण सैनिक हॉस्पिटल के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन्मभूमि के प्रति समर्पण और समाजसेवा को सच्ची राष्ट्रभक्ति का आधार बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो व्यक्ति अपनी जन्मभूमि का ऋण चुकाने के लिए समाज के बीच लौटकर सेवा का कार्य करता है, वही वास्तविक अर्थों में देशभक्ति का परिचय देता है।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण सैनिक हॉस्पिटल, सैनिक नर्सिंग कॉलेज, फार्मेसी कॉलेज, आईटीआई और सैनिक पब्लिक स्कूल जैसी संस्थाओं की स्थापना के लिए ब्रिगेडियर डॉ. पी.एन. सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय सेना में लगभग 35 वर्षों तक सेवा देने के बाद अपने गांव लौटकर विकास और समाजसेवा की नई मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि यह केवल संस्थानों का निर्माण नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में जन्मभूमि और मातृभूमि को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। उन्होंने रामायण के प्रसिद्ध श्लोक "जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी" का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यक्ति चाहे कितनी भी ऊंचाइयों पर पहुंच जाए, उसकी जड़ों और जन्मभूमि का महत्व कभी कम नहीं होता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रिगेडियर डॉ. पी.एन. सिंह ने इसी भारतीय आदर्श को अपने जीवन में उतारा है। सेना और चिकित्सा क्षेत्र में लंबा अनुभव प्राप्त करने के बाद उन्होंने महानगरों या विदेशों में बसने के बजाय अपने गांव को विकास का केंद्र बनाने का निर्णय लिया। आज ताजोपुर में स्थापित संस्थान हजारों युवाओं को शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण सैनिक हॉस्पिटल क्षेत्र के लोगों के लिए आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इसके साथ ही सैनिक नर्सिंग कॉलेज में एएनएम, जीएनएम और बीएससी नर्सिंग जैसे पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जबकि फार्मेसी कॉलेज और आईटीआई के माध्यम से युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा प्रदान की जा रही है। सैनिक पब्लिक स्कूल क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन संस्थानों से न केवल स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही अवसर मिल रहे हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिला है और क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं पैदा हुई हैं।

उन्होंने कहा कि एक समय अपनी अलग पहचान के लिए संघर्ष करने वाला मऊ आज शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। ताजोपुर में विकसित यह मॉडल अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह संस्थान पूर्वांचल के विकास और मानव संसाधन निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: APN Live