Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे

Awaz The Voice 1 week ago

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान उनके 2027 के राज्य विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की योजना को कारगर बनाने के लिए वरिष्ठ नेताओं के साथ कई बैठकें करने की उम्मीद है।

नवीन एक विशेष रूप से तैयार किए गए मोटर चालित रथ पर सवार थे जिस पर पार्टी के शीर्ष नेताओं की तस्वीरें लगी थीं और उस पर 'सेवा, सुशासन और जन कल्याण' लिखा हुआ था। भारी भीड़ के बीच उनका काफिला लगभग रेंगता हुआ आगे बढ़ रहा था।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवाई अड्डे पर नवीन का स्वागत किया।

योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, '' प्रभु श्री राम एवं लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण के चरणरज से पावन हुई संस्कृति, संस्कार और सृजन की साधना स्थली उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।''

दो दिन के कार्यक्रम में नवीन का एक रात्रिभोज मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के साथ निर्धारित है। इसके अलावा उनकी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, बुद्धिजीवियों, पार्टी विधायकों और अन्य लोगों के साथ मुलाकातें होनी हैं।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, '' 2027 के राज्य विधानसभा चुनाव के लिए योजना और रणनीति सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी।''

नवीन क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला इकाई अध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों के प्रमुखों जैसे पार्टी पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर सकते हैं।

मथुरा और वाराणसी के बाद, पार्टी प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने के बाद से नवीन का राज्य का यह तीसरा दौरा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि वह प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर भी जा सकते हैं।

पार्टी ने कहा, ''अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा की रणनीति को धार देने और नई घोषित उप्र भाजपा को मार्गदर्शन देने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण है।''

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Awaz The Voice Hindi