Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
'गुंडों' को बैठक में जगह नहीं: चेन्निथला

'गुंडों' को बैठक में जगह नहीं: चेन्निथला

Awaz The Voice 3 months ago

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार के मादक पदार्थ विरोधी अभियान 'ऑपरेशन तूफान' के तहत पुलिस को सूचना दिए बिना या अपराधियों को शामिल करके बैठकें आयोजित नहीं की जा सकतीं।

चेन्निथला का यह बयान हाल ही में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कन्नूर से सांसद के. सुधाकरन द्वारा मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत आयोजित एक बैठक के संदर्भ में आया है, जिसमें विभिन्न आपराधिक मामलों में कथित रूप से शामिल कुछ लोगों के भी भाग लेने की बात सामने आई थी।

मंत्री ने कहा, ''ऑपरेशन तूफान के बैनर तले गुंडों को शामिल कर बैठक करना पूरी तरह अस्वीकार्य है। इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस अभियान के तहत आयोजित होने वाली किसी भी बैठक से पहले पुलिस को सूचना देना अनिवार्य है।''

उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में उनकी सुधाकरन से कोई बातचीत नहीं हुई है, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि कन्नूर के सांसद को इस बात की जानकारी थी कि किस प्रकार की बैठक आयोजित की जा रही है।

चेन्निथला ने यहां एक टीवी चैनल से कहा, ''मुझे नहीं लगता कि यदि उन्हें इसकी जानकारी होती तो वह वहां जाते। संभवतः उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। कोई उन्हें वहां ले गया।''

मीडिया के एक वर्ग की खबरों के अनुसार, सुधाकरन द्वारा कथित रूप से आयोजित इस बैठक में आपराधिक मामलों का सामना कर रहे कुछ लोग और कुख्यात गिरोहों के सरगना भी शामिल हुए थे। उनसे सरकार के मादक पदार्थ विरोधी अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया गया था।

हालांकि, इस विवाद पर अब तक सुधाकरन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है।

अभियान के संबंध में चेन्निथला ने एक अन्य टीवी चैनल से कहा कि ऑपरेशन तूफान शुरू होने के मात्र एक महीने के भीतर पुलिस ने 60 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किए हैं, जो इस अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

गृह मंत्री ने मादक पदार्थों की तस्करी और उसके इस्तेमाल में शामिल सभी लोगों से अपनी गतिविधियां बंद करने या पुलिस की कड़ी कार्रवाई का सामना करने को कहा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Awaz The Voice Hindi