Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
हिमाचल: 60 सड़कें बंद, एचटी मार्ग बहाल

हिमाचल: 60 सड़कें बंद, एचटी मार्ग बहाल

Awaz The Voice 3 weeks ago

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में शुक्रवार तड़के भारी बारिश के कारण भूस्खलन और मलबा आने से चोलिंग के पास बंद हुआ हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-5) अब सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया गया है।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उपायुक्त अमित शर्मा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि सुबह करीब छह बजे मेरुत नाले के पास खड़ी पहाड़ियों से भारी मात्रा में मलबा गिरकर सड़क पर आ गिरा, जिससे दो वाहन फंस गए। रिब्बा नाले में आई बाढ़ के कारण रिब्बा-कांडा संपर्क मार्ग भी बंद हो गया था। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

सड़क को यातायात प्रारंभ करने योग्य बनाने के लिए चोलिंग में तुरंत एक जेसीबी मशीन तैनात की गई और सुबह करीब 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू कर दी गई।

राज्य आपात अभियान केंद्र (एसईओसी) के अनुसार शुक्रवार सुबह बारिश की वजह से राज्य में 60 मार्गों को बंद किया गया है।

इस बीच, चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में एक मंदिर के पास फंसे 24 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया। भारी बारिश से आई अचानक बाढ़ में मंदिर तक जाने वाला अस्थायी लकड़ी का पुल बह गया था।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), स्थानीय प्रशासन, पर्वतारोहण संस्थान और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को एक अभियान में सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। ये श्रद्धालु बुधवार से वहां फंसे हुए थे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Awaz The Voice Hindi