आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र में विपक्षी विधायकों ने सोमवार को मुंबई में विधान भवन की सीढ़ियों पर प्रदर्शन किया और ''इन्फ्रामैन'' के लापता होने के नारे लगाते हुए राज्य सरकार पर भारी बारिश के बीच लोगों की सुरक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश ने मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में ''जर्जर बुनियादी ढांचे'' की पोल खोल दी है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतेज पाटिल और विजय वडेट्टीवार, शिवसेना (उबाठा) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अंबादास दानवे सहित विपक्ष के अन्य सदस्यों ने इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारी बारिश के दौरान बुनियादी ढांचे के खराब प्रबंधन के कारण आम लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है।
विधायकों ने किसी का नाम लिए बिना नारे लगाते हुए दावा किया कि ''इन्फ्रामैन'' गायब है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि बुनियादी ढांचे के खराब प्रबंधन के कारण मुंबईवासियों के जीवन को खतरे में डाल दिया गया है।
भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण सोमवार को पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे तथा पुराने पुणे-मुंबई राजमार्ग दोनों पर यातायात निलंबित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कंक्रीट का एक खंभा सड़क पर गिरने के बाद पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे को 'कनेक्टिंग लिंक' और 'मिसिंग लिंक' खंडों के बीच बंद कर दिया गया।

