आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने मंगलवार को कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशीराम को मरणोपरांत 'भारत रत्न' नहीं दिया तो कांग्रेस की सरकार बनने पर उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर कांशीराम को 'भारत रत्न' देने की मांग की थी।
इस बारे में पूछे जाने गौतम ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''इस सरकार ने कई ऐसे लोगों को 'भारत रत्न' दिया, जिनका कद शायद कांशीराम साहब से बड़ा न हो और उनका योगदान भी शायद उतना बड़ा न हो। सामाजिक न्याय के क्षेत्र में कांशीराम साहब का योगदान बहुत बड़ा है। उन्होंने बहुजन समाज में राजनीतिक जागरुकता लाकर देश को बदलने का काम किया। उनका काम बहुत बड़ा है।''
उनका कहना था, ''मुझे नहीं लगता कि उनको भारत रत्न देने में कोई अड़चन आनी चाहिए।''
उन्होंने यह भी कहा, ''यदि यह सरकार कांशीराम साहब को 'भारत रत्न' नहीं देती है तो जब हमारी सरकार आएगी तो हम देंगे।''

