Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मुंबई में हल्की से मध्यम बारिश रुक-रुककर जारी रहने का अनुमान

मुंबई में हल्की से मध्यम बारिश रुक-रुककर जारी रहने का अनुमान

Awaz The Voice 5 days ago

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

मुंबई में कई दिनों तक लगातार मानसूनी बारिश के बाद बृहस्पतिवार सुबह बादल छाए रहे लेकिन ज्यादातर इलाकों में बारिश नहीं हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हालांकि दिन में रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान जताया है।

मुंबई में लगातार बारिश के कारण लोगों को जलभराव, पेड़ गिरने, यातायात बाधित होने और उपनगरीय रेल सेवाओं में बाधा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सुबह बारिश नहीं होने से लोगों को राहत मिली।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कहा कि आईएमडी ने महानगर और उपनगरों में दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने और रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है।

उसने बताया कि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है और इस दौरान बिजली चमकने, बादल गरजने एवं कभी-कभी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बीएमसी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में मुंबई में औसतन 14.21 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि पूर्वी उपनगरों में 39.37 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगरों में 28.85 मिलीमीटर बारिश हुई।

नगर निकाय ने कहा कि सुबह सात बजे 3.49 मीटर का उच्च ज्वार आया। शाम छह बजकर नौ मिनट पर 3.62 मीटर का उच्च ज्वार आने की संभावना है जबकि दोपहर 12 बजकर 29 मिनट पर 2.32 मीटर का निम्न ज्वार (भाटा) आएगा।

अधिकारियों ने कहा कि उपनगरीय लोकल ट्रेन, मेट्रो सेवाएं और बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) की बसें सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं। हालांकि, यात्रियों ने शिकायत की कि उपनगरीय ट्रेन पांच से 10 मिनट की देरी से चल रही हैं।

पश्चिम रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, वसई रोड और विरार के बीच कहीं जलभराव नहीं है। इस क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश हुई थी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Awaz The Voice Hindi