Dailyhunt
ओम बिरला नौ अप्रैल को गोवा में राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे

ओम बिरला नौ अप्रैल को गोवा में राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे

Awaz The Voice 1 week ago

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला नौ अप्रैल को गोवा में 'कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (सीपीए) इंडिया रीजन वेस्ट जोन' सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे, जिसमें शासन और विकास की प्राथमिकताओं पर चर्चा की जाएगी।

एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

गोवा विधानसभा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बिरला बृहस्पतिवार को सुबह 10 बज कर 40 मिनट पर कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे और अपराह्न 12 बज कर 10 मिनट पर इसे संबोधित करेंगे।

अधिकारी के अनुसार, कार्यक्रम का आयोजन पणजी के एक होटल में किया जाएगा, जिसमें प्रमुख शासन और विकास प्राथमिकताओं पर चर्चा के लिए पश्चिम भारत के वरिष्ठ संसदीय नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

बिरला बुधवार को गोवा पहुंचेंगे।

अधिकारी ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य अंतर-संसदीय सहयोग को मजबूत करना और क्षेत्रीय तथा राष्ट्रीय मुद्दों पर सार्थक संवाद को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन सर्वोत्तम विधायी प्रथाओं के आदान-प्रदान और शासन की समकालीन चुनौतियों के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने के वास्ते एक मंच की भूमिका भी निभाएगा।

अधिकारी के अनुसार, इसमें दो पूर्ण सत्र होंगे। पहला सत्र, नौ अप्रैल को '2047 तक विकसित भारत के लक्ष्यों को प्राप्त करने में युवा जन प्रतिनिधियों की भूमिका' पर आधारित होगा वहीं, दूसरा सत्र 10 अप्रैल को 'व्यापार, पर्यटन, शहरीकरण, पर्यावरण और तटीय संपर्क में ज़ोन-सात की प्राथमिकताएं' के विषय पर केंद्रित होगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Awaz The Voice Hindi