Dailyhunt
हॉस्टल में संदिग्ध हालात में छात्र का शव मिला, जांच शुरू

हॉस्टल में संदिग्ध हालात में छात्र का शव मिला, जांच शुरू

कुमारगंज, अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर स्थित अमरावती छात्रावास में बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र अनिल तिवारी (22) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला।

घटना से विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र निवासी अनिल तिवारी उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय का छात्र था और हॉस्टल के कमरा नंबर 9 में अपने साथियों के साथ रह रहा था। बुधवार रात उसके साथी अन्य मित्रों के कमरे पर रुक गए थे। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे पार्सल देने पहुंचे युवक ने दरवाजा अंदर से बंद पाया। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर अन्य छात्रों को सूचना दी गई। दरवाजा खोलने पर अनिल का शव गमछे के सहारे पंखे से लटका मिला, जबकि पैर तख्त पर टिके थे और कमरे की स्थिति अस्त-व्यस्त थी, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिजनों को सूचना दे दी है। छात्रों ने हॉस्टल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Ayodhya Samachar