Dailyhunt
जलालपुर में महिला हॉकी का महाकुंभ, नौ अप्रैल से गूंजेगा स्टिक का जादू

जलालपुर में महिला हॉकी का महाकुंभ, नौ अप्रैल से गूंजेगा स्टिक का जादू

लालपुर अंबेडकर नगर। क्षेत्र के खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जलालपुर में चार दिवसीय अखिल भारतीय महिला इनामी हॉकी प्रतियोगिता का आगाज 9 अप्रैल से होने जा रहा है। एन.डी. इंटर कॉलेज के मैदान पर 9 से 12 अप्रैल तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ी अपने खेल का दम दिखाएंगी।

सुबह 10 बजे होगा भव्य उद्घाटन

प्रतियोगिता का उद्घाटन 9 अप्रैल को सुबह 10 बजे होगा। उद्घाटन समारोह में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चन्द्र यादव और डॉ. राम प्रकाश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा और बोधिसत्व यूनिवर्सिटी की चांसलर डॉ. मधुलिका सिंह की उपस्थिति कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएगी।

खिलाड़ियों के लिए बेहतर इंतजाम

आयोजन समिति के मुताबिक खिलाड़ियों के लिए हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मैदान की बेहतरीन व्यवस्था के साथ चिकित्सा, आवास और भोजन की भी समुचित तैयारी की गई है। क्लब अध्यक्ष दीपक त्रिपाठी ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

महिला हॉकी को मिलेगा बढ़ावा

संयोजक देवेश मिश्र ने कहा कि इस प्रतियोगिता से महिला हॉकी को नया मंच मिलेगा और स्थानीय युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। मीडिया प्रभारी विकास निषाद के अनुसार यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सुनहरा अवसर साबित होगी।

हॉकी प्रेमियों के लिए खास मौका

चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन हॉकी प्रेमियों के लिए किसी महाकुंभ से कम नहीं होगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Ayodhya Samachar