Dailyhunt
मार्च में 2.27 लाख गैस सिलेंडरों की बुकिंग, आपूर्ति व्यवस्था रही सुचारु

मार्च में 2.27 लाख गैस सिलेंडरों की बुकिंग, आपूर्ति व्यवस्था रही सुचारु

अंबेडकर नगर। जनपद में मार्च महीने में घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रही। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि माह में कुल 2,27,280 गैस सिलेंडरों की रिफिल बुकिंग दर्ज की गई, जिसके सापेक्ष बड़े पैमाने पर उपभोक्ताओं को समय से गैस उपलब्ध कराई गई।

विभाग के अनुसार 14.2 किग्रा के घरेलू गैस सिलेंडरों की 1,95,082 होम डिलीवरी की गई। वहीं 19 किग्रा के 2,709 कामर्शियल सिलेंडर विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचाए गए। इसके अलावा पांच किग्रा के 1,498 'छोटू' सिलेंडरों की भी बिक्री हुई, जिससे छोटे व्यापारियों को राहत मिली।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि दो अप्रैल तक जनपद की विभिन्न गैस एजेंसियों पर 10,626 सिलेंडरों की रिफिल उपलब्ध है। उपभोक्ता शहरी क्षेत्रों में पहली डिलीवरी के 25 दिन बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद बुकिंग कराकर डीएसी प्राप्त होने पर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि 5 किग्रा के करीब 800 कामर्शियल छोटू' सिलेंडर वर्तमान में उपलब्ध हैं। छोटे व्यापारी, ठेला व रेहड़ी संचालक अपनी आईडी दिखाकर संबंधित एजेंसी से उचित मूल्य पर यह सिलेंडर ले सकते हैं। इसके साथ ही नगर पालिका परिषद अकबरपुर क्षेत्र में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन को बढ़ावा दिया जा रहा है। रसूलाबाद, मीरानपुर, गोविंद गनेशपुर, इंद्रलोक कॉलोनी, कृष्णानगर, मिर्जापुर, पांडेय कॉलोनी व संघतिया, शिक्षक कॉलोनी सहित कई वार्डों में पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर गैस आपूर्ति की जा रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Ayodhya Samachar