Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
नहर में नहाते समय किशोर की डूबकर मौत, साथियों के भाग जाने से देर से मिली सूचना

नहर में नहाते समय किशोर की डूबकर मौत, साथियों के भाग जाने से देर से मिली सूचना

लालपुर अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के गोलपुर गांव के पास शारदा सहायक नहर में नहाते समय 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद उसके साथ नहा रहे साथी मौके से भाग गए, जिससे घटना की जानकारी देर से मिल सकी।

कई घंटे की तलाश के बाद मछुआरों ने किशोर का शव नहर से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार थाना बसखारी क्षेत्र के किछौछा दरगाह निवासी मोहम्मद असलम (14) पुत्र मोहम्मद अली सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अपने साथियों के साथ गोलपुर गांव के पास शारदा सहायक नहर में नहा रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बताया जाता है कि साथ मौजूद अन्य किशोर डरकर नहर से बाहर निकल गए और किसी को इसकी सूचना नहीं दी।

कुछ देर बाद बाजार के लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची जलालपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में नर्सरी बाजार के दो मछुआरों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद किशोर का शव नहर से बरामद किया।

शव मिलने के बाद पुलिस उसे अस्पताल ले जाने लगी, तभी परिजनों और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। परिजनों का कहना था कि किशोर की सांसें चल रही हैं। इसके बाद वे उसे बसखारी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक मोहम्मद असलम पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Ayodhya Samachar