Dailyhunt
70 मैच, 12 शहर, डबल-हेडर का रोमांच. IPL 2026 का पूरा शेड्यूल जारी; जानें कब और कहां होंगे मैच

70 मैच, 12 शहर, डबल-हेडर का रोमांच. IPL 2026 का पूरा शेड्यूल जारी; जानें कब और कहां होंगे मैच

IPL 2026 Full Schedule: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 70 मैचों का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है. टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च से होगी. ओपनिंग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी.

हालांकि अभी प्लेऑफ और फाइनल समेत 4 मुकाबलों की तारीख और वेन्यू घोषित नहीं किए गए हैं.

गुरुवार (26 मार्च) को दूसरे फेज का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है, जो पहले घोषित नहीं हुआ था. दूसरा चरण 13 अप्रैल से शुरू होगा. इस दिन हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जो इस फेज का पहला मैच होगा.

फैंस के लिए इस बार भी डबल-हेडर मैच रखे गए हैं. कुल 8 डबल-हेडर खेले जाएंगे. इनमें दोपहर के मैच 3:30 बजे और शाम के मुकाबले 7:30 बजे से शुरू होंगे. इससे एक ही दिन में दो मैचों का मजा मिलेगा.

इस बार IPL के मैच देश के 12 शहरों में खेले जाएंगे. इनमें बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ शामिल हैं. अलग-अलग शहरों में मैच होने से फैंस को अपनी-अपनी टीमों को करीब से देखने का मौका मिलेगा.

कुछ टीमों के होम ग्राउंड में बदलाव किया गया है. पंजाब किंग्स अपने घरेलू मैच न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेगी, जिसमें धर्मशाला में तीन मुकाबले होंगे. राजस्थान रॉयल्स जयपुर में चार मैच खेलेगी. वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीन मैच बेंगलुरु और दो मुकाबले रायपुर में खेलेगी.

BCCI के अनुसार प्लेऑफ और फाइनल की तारीख और वेन्यू बाद में घोषित किए जाएंगे. जैसे-जैसे लीग स्टेज आगे बढ़ेगा, प्लेऑफ की रेस और भी रोमांचक होती जाएगी.

-भारत एक्सप्रेस

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bharat Express Hindi