Bhogapuram Greenfield Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में बने अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल (ग्रीनफील्ड) एयरपोर्ट का उद्घाटन किया.
यह एयरपोर्ट सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत लगभग 5,640 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है. उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने यात्री टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया और इसकी आधुनिक सुविधाओं की जानकारी ली.
इस दौरान उनके साथ आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू और जीएमआर समूह के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को एयरपोर्ट की विशेषताओं और तकनीकी सुविधाओं से अवगत कराया.
आंध्र की संस्कृति की झलक
एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल को आंध्र प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और लोक कला की थीम पर सजाया गया है. स्वागत द्वार पर प्रदर्शित प्रसिद्ध एटिकोप्पाका कला ने प्रधानमंत्री का विशेष ध्यान आकर्षित किया. एयरपोर्ट से जनसभा स्थल की ओर जाते समय आदिवासी महिलाओं ने पारंपरिक 'धिमसा' नृत्य प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया. अधिकारियों के अनुसार, 13,500 आदिवासी महिलाओं द्वारा एक साथ किए गए इस नृत्य ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया. प्रधानमंत्री ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया.
60 लाख यात्रियों की क्षमता
भोगपुरम ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट को प्रतिवर्ष 60 लाख यात्रियों की आवाजाही संभालने के लिए डिजाइन किया गया है. इसमें यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बिल्डिंग इंफॉर्मेशन मॉडलिंग (BIM), एयरसाइड 4.0 तकनीक, एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशंस सेंटर (APOC), बायोमेट्रिक पैसेंजर प्रोसेसिंग, ऑटोमेटेड बैगेज हैंडलिंग सिस्टम और इंटेलिजेंट ऑपरेशनल मॉनिटरिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.
17,900 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की भी सौगात
प्रधानमंत्री मोदी ने भोगपुरम में आयोजित जनसभा के दौरान 17,900 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण भी किया. सरकार का मानना है कि नया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आंध्र प्रदेश में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को नई गति देगा तथा राज्य की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा.
-भारत एक्सप्रेस

