Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
दिल्ली वालों की जेब पर फिर वार, सुबह उठते ही लगा बड़ा झटका, जानकर उड़ जाएंगे होश

दिल्ली वालों की जेब पर फिर वार, सुबह उठते ही लगा बड़ा झटका, जानकर उड़ जाएंगे होश

CNG Price Hike: दिल्ली और आसपास के शहरों में आज से CNG की दरें बढ़ गई हैं. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने शनिवार सुबह 6 बजे से कीमतों में 3.89 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी लागू कर दी है.

इसका सीधा असर उन लाखों वाहन मालिकों पर पड़ेगा जो ऑटो, टैक्सी या मालवाहक गाड़ियों में CNG का इस्तेमाल करते हैं.

इम्पोर्टेड गैस बनी वजह

IGL ने बताया कि CNG बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली गैस का बड़ा हिस्सा विदेश से आता है. वेस्ट एशिया में जारी संघर्ष के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की कीमतें लगातार ऊपर जा रही हैं. इसी वजह से कंपनी को इनपुट लागत का दबाव झेलना पड़ रहा है और उसी का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं पर डालना पड़ा है.

लगातार बढ़ोतरी का सिलसिला

इस साल यह पांचवीं बार है जब CNG महंगी हुई है. मई में भी 10 दिनों के भीतर चार बार दाम बढ़ाए गए थे, जिससे कुल मिलाकर 6 रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ था. अब अगस्त के अंत में फिर से कीमतें बढ़ने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है.

अलग-अलग शहरों में नई दरें

नोएडा और गाजियाबाद में अब CNG की कीमत 95.59 रुपये प्रति किलो हो गई है. मेरठ में यह 95.47 रुपये प्रति किलो और गुरुग्राम में 92.01 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है. अलग-अलग राज्यों में वैट (VAT) की दरें अलग होने के कारण कीमतों में भी फर्क देखने को मिलता है.

किराए और माल ढुलाई पर असर

दिल्ली-NCR में ज्यादातर ऑटो-रिक्शा और टैक्सी CNG से चलते हैं. माल ढोने वाले छोटे ट्रक भी इसी ईंधन पर निर्भर हैं. ऐसे में किराए और माल ढुलाई की लागत बढ़ना तय है. यात्रियों और व्यापारियों दोनों को इसका असर झेलना पड़ेगा.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में उछाल

जुलाई से अब तक दुनिया भर में LNG की कीमतें दोगुनी हो चुकी हैं. वेस्ट एशिया में संकट गहराने से होर्मुज स्ट्रेट से माल की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ा है. यही वजह है कि एशिया और यूरोप दोनों जगह गैस की दरें तेजी से ऊपर गई हैं.

यूरोप कर रहा स्टॉक

सर्दियों के मौसम को देखते हुए यूरोप बड़ी मात्रा में LNG का भंडारण कर रहा है. फरवरी में एशिया-JKM बेंचमार्क लगभग $11 प्रति MMBTU था, जो अगस्त में $23.4 तक पहुंच गया. यूरोपियन TTF गैस बेंचमार्क भी इसी अवधि में $11.3 से बढ़कर $23.3 प्रति MMBTU हो गया है.

उपभोक्ताओं पर सीधा असर

IGL का कहना है कि बढ़ी हुई लागत का पूरा बोझ कंपनी खुद नहीं उठा सकती. इसलिए कीमतों में यह बढ़ोतरी करना जरूरी हो गया. अब दिल्ली और NCR के वाहन मालिकों को हर किलो CNG पर लगभग 4 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे.

-भारत एक्सप्रेस

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bharat Express Hindi