Social Media Influencer wife Death: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की पत्नी का शव घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला है.
घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और कार की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कानपुर के रहने वाले सुनील कुमार वर्मा ने अपनी भतीजी मानसी की शादी दिसंबर 2024 में लखनऊ के रहने वाले सागर राजपूत से की थी. सागर राजपूत खुद सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है और इंस्टाग्राम पर उसके करीब 7.93 लाख फॉलोअर्स हैं. मृतका मानसी भी सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती थी. मायके वालों का कहना है कि उन्होंने शादी में अपनी हैसियत के हिसाब से लगभग 7 लाख रुपये कैश और तमाम घरेलू सामान दिया था. इसके बावजूद, शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने के ताने देने लगे थे.
परिजनों का आरोप है कि पति सागर, ससुर और ननद लगातार अतिरिक्त दहेज के रूप में एक कार की मांग कर रहे थे. मांग पूरी न होने पर मानसी को शारीरिक और मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित किया जाता था. मानसी ने कई बार फोन पर रोते हुए अपने परिवार को इस प्रताड़ना के बारे में बताया था. मायके वालों ने कई बार लखनऊ आकर बातचीत से मामला सुलझाने की कोशिश भी की, लेकिन ससुराल वालों का रवैया नहीं बदला.
शनिवार को मायके पक्ष को रिश्तेदारों के माध्यम से सूचना मिली कि मानसी ने फांसी लगा ली है. जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया. उनका आरोप है कि कार की डिमांड पूरी न होने पर ससुराल वालों ने पहले मानसी की हत्या की और फिर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर मुख्य आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.

