Ketan Agrawal Murder Case: केतन अग्रवाल हत्याकांड इस समय देश भर में चर्चा का विषय बना हुआ है. इसी बीच, मामले की मुख्य आरोपी सिया गोयल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस की गाड़ी में बैठते वक्त सिया ने मीडिया और लोगों को देखकर 'मिडिल फिंगर' दिखाया. इंटरनेट पर लोग सिया के इस बर्ताव की जमकर आलोचना कर रहे हैं, लेकिन अब इस पूरे विवाद पर सिया के पिता प्रवीण गोयल का बयान सामने आया है, जिन्होंने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.
बेटी के बचाव में प्रवीण गोयल ने दी सफाई
सोशल मीडिया पर मचे बवाल के बीच प्रवीण गोयल ने अपनी बेटी का बचाव करते हुए कहा कि वायरल वीडियो को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि सिया ने किसी को भी कोई आपत्तिजनक या अश्लील इशारा नहीं किया था.
प्रवीण गोयल के अनुसार, जब पुलिस सिया को हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठा रही थी, उसी हड़बड़ी में कार का भारी दरवाजा सिया के हाथ पर लग गया था. दरवाजा लगने की वजह से उसकी उंगली में गंभीर चोट आ गई थी. दर्द के मारे उसके उंगली की पॉजिशन वैसी हो गई थी, जिसे वीडियो में देखकर लोग गलत अंदाजा लगा रहे हैं.
'अधूरी जानकारी पर न बनाएं राय'
सिया के पिता ने जनता और सोशल मीडिया यूजर्स से भावुक अपील की है. उन्होंने कहा कि बिना पूरी सच्चाई जाने और महज एक छोटी सी वीडियो क्लिप के आधार पर किसी के चरित्र पर सवाल उठाना ठीक नहीं है. इससे सिया की छवि को जानबूझकर खराब करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे जांच पूरी होने का इंतजार करें और अधूरी जानकारियों पर अपनी राय न बनाएं.
पुलिस ने नहीं दिया कोई बयान
आपको बता दें कि जब पुलिस केतन हत्याकांड की जांच के सिलसिले में सिया को लेकर जा रही थी, तभी मीडिया कैमरों ने यह फुटेज रिकॉर्ड किया था. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा और लोग इसे आरोपी का 'घमंड और बदतमीजी' बताने लगे.
हालांकि, इस पूरे वीडियो विवाद पर पुलिस या जांच एजेंसियों की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या टिप्पणी नहीं आई है. पुलिस का पूरा ध्यान फिलहाल केतन अग्रवाल की हत्या से जुड़े सबूतों को इकट्ठा करने और मामले की तह तक जाने पर है.
-भारत एक्सप्रेस

