Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
रक्षाबंधन पर बच्चों के बीच घुले-मिले प्रधानमंत्री मोदी, छोटी बच्चियों से बोले- 'महाकाल का प्रसाद मेरे लिए भी लाना'

रक्षाबंधन पर बच्चों के बीच घुले-मिले प्रधानमंत्री मोदी, छोटी बच्चियों से बोले- 'महाकाल का प्रसाद मेरे लिए भी लाना'

क्षाबंधन के मौके पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आधिकारिक आवास 7, लोक कल्याण मार्ग एक अलग ही रंग में नजर आया. यहां प्रधानमंत्री ने स्कूली बच्चों के साथ त्योहार मनाया.

छोटी बच्चियों ने उन्हें राखी बांधी, कविताएं सुनाईं और इस दौरान प्रधानमंत्री से कई मजेदार और दिलचस्प सवाल भी किए. पीएम मोदी भी बच्चों के साथ काफी सहज नजर आए. उन्होंने कभी हंसी-मजाक किया, कभी उनकी बातें ध्यान से सुनीं और कई मौकों पर बच्चों को आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया.

प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात का एक वीडियो भी साझा किया है. इसमें वह बच्चों से गर्मजोशी के साथ मिलते, उनसे बातचीत करते और हाई-फाइव करते दिखाई दे रहे हैं. पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल काफी आत्मीय रहा.

'लोटस वाली राखी' पर मुस्कुराए पीएम मोदी

एक बच्ची ने प्रधानमंत्री की कलाई पर कमल के आकार की राखी बांधी. राखी दिखाते हुए उसने बताया कि यह 'लोटस वाली राखी' है. बच्ची की बात सुनकर पीएम मोदी मुस्कुराए और हल्के-फुल्के अंदाज में पूछा, 'लोटस?'

इसके बाद एक बच्ची ने भाई-बहन के रिश्ते पर कविता सुनाई. कविता में उसने बताया कि जब-जब वह टूटी और बिखरी, तब-तब उसके भाई ने उसे संभाला. कविता खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री ने बच्ची की तारीफ की और उसे आशीर्वाद दिया.

बच्ची ने पीएम को कहा 'हैप्पी बर्थडे'

बच्चों के साथ बातचीत में एक दिलचस्प पल तब आया, जब एक बच्ची ने प्रधानमंत्री को 'हैप्पी बर्थडे' कह दिया. पीएम मोदी ने उससे पूछा कि उनका जन्मदिन कब है. बच्ची ने तुरंत जवाब दिया—17 सितंबर. इस पर प्रधानमंत्री मुस्कुराए और बोले, 'अच्छा, हैप्पी बर्थडे एडवांस में.'

यह छोटा-सा संवाद बच्चों और प्रधानमंत्री के बीच बातचीत की सहजता को दिखाता है.

पर्यावरण और एआई वाली राखी भी आई

एक बच्ची प्रधानमंत्री के लिए पर्यावरण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई पर आधारित खास राखी लेकर आई थी. उसने बताया कि उसके स्कूल में प्रधानमंत्री के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधे लगाए जाते हैं.

बच्ची ने यह भी कहा कि वह 'सबके लिए एआई' की भावना के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को जिम्मेदारी से सीखेगी और इसका इस्तेमाल लोगों की मदद के लिए करेगी. उसकी बात सुनकर प्रधानमंत्री ने उत्साह बढ़ाते हुए कहा, 'शाबाश!'

परीक्षा के डर से 'एग्जाम वॉरियर' बनने तक

एक छात्रा ने प्रधानमंत्री को बताया कि वह उनकी किताब 'एग्जाम वॉरियर्स' पढ़ चुकी है. छात्रा के मुताबिक, पहले उसे परीक्षाओं को लेकर काफी डर लगता था, लेकिन अब वह खुद को 'एग्जाम वॉरियर' मानती है.

पीएम मोदी ने उसकी बात सुनी और उसे खूब मेहनत करने तथा जीवन में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया.

बच्चों के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री का मजाकिया अंदाज भी देखने को मिला. एक बच्ची के टूटे हुए दांत देखकर उन्होंने पूछा, 'ये सारे दांत कहां चले गए?' बच्ची ने बताया कि वे टूटकर गिर गए हैं. इसके बाद पीएम मोदी ने हंसते हुए पूछा कि क्या वह करेला खाती है. बच्ची ने कहा कि ना वह करेला खाती है और ना उसका भाई.

उज्जैन की बच्ची से पूछा महाकाल कब ले जाओगी?

उज्जैन की एक बच्ची से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने उससे पूछा, 'महाकाल का दर्शन कब ले जाओगी?' बच्ची ने जवाब दिया कि जब वह बड़ी हो जाएगी. इस पर पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा कि महाकाल का प्रसाद ले आना, वह मांग लेंगे.

कार्यक्रम में देश और भविष्य से जुड़े विषय भी नजर आए. एक छात्रा ने प्रधानमंत्री के सामने 'मेक इन इंडिया' और 'विकसित भारत' पर कविता सुनाई. वहीं, एक दूसरी बच्ची ने 'पिक्सेल भारत' थीम वाली राखी प्रधानमंत्री को भेंट की. पीएम मोदी ने उसकी भी सराहना की और कहा, 'बहुत बड़ा काम किया आपने.'

कार्यक्रम के आखिर में एक बच्ची ने प्रधानमंत्री से उनके बचपन के सपने के बारे में सवाल किया. इस पर पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा, 'आप लोगों से मिलने का.' बच्चों ने भी प्रधानमंत्री से प्रेरणा लेने और भारत को आगे बढ़ाने में योगदान देने का संकल्प जताया.

-भारत एक्सप्रेस

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bharat Express Hindi