सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Nazia Elahi Khan की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. पैगंबर मोहम्मद साहब पर कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर अब मध्य प्रदेश में भी उनके खिलाफ पहली एफआईआर (FIR) दर्ज हो गई है.
इस मामले को लेकर पिछले चार दिनों से मुस्लिम समाज का गुस्सा उबला हुआ था और लोग सड़कों पर उतरकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. खास बात यह है कि इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाओं ने भी हिस्सा लिया और अपनी नाराजगी जाहिर की.
भारी हंगामे के बाद एसपी के निर्देश पर एक्शन
जबलपुर के हनुमानताल इलाके में जब प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई तब जाकर पुलिस महकमा हरकत में आया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए SP ने तुरंत केस दर्ज करने के निर्देश दिए जिसके बाद देर रात हनुमानताल थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली.
हालांकि जिस वीडियो को लेकर यह पूरा विवाद खड़ा हुआ है वह घटना मध्य प्रदेश की नहीं है. इसी वजह से पुलिस ने तकनीकी रूप से 'जीरो पर एफआईआर' दर्ज की है, जिसे अब जांच के लिए संबंधित राज्य या क्षेत्र की पुलिस को ट्रांसफर कर दिया जाएगा.
कई राज्यों में पहले से दर्ज हैं केस
आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब नाजिया इलाही खान कानूनी पचड़े में फंसी हों. इससे पहले भी देश के कई राज्यों में उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हो चुके हैं. फिलहाल मुंबई, भिवंडी, कल्याण, बरेली और मुरादाबाद जैसे शहरों में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई चल रही है.
-भारत एक्सप्रेस

