Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
House of the Dragon Season 3: खत्म हुआ इंतजार इस दिन रिलीज होगा 'हाउस ऑफ द ड्रैगन' सीजन 3, जानें भारत में कब और कहाँ देख सकेंगे

House of the Dragon Season 3: खत्म हुआ इंतजार इस दिन रिलीज होगा 'हाउस ऑफ द ड्रैगन' सीजन 3, जानें भारत में कब और कहाँ देख सकेंगे

वेस्ट्रोस में आयरन थ्रोन की गद्दी के लिए होने वाले सबसे खूनी और भयानक युद्ध को देखने के लिए फैंस का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। करीब दो साल के लंबे अंतराल के बाद 'हाउस ऑफ द ड्रैगन' का सीजन 3 दस्तक दे रहा है।

जहां दूसरे सीजन की धीमी रफ्तार ने फैंस को दो गुटों में बांट दिया था, वहीं तीसरे सीजन के शुरुआती रिव्यूज इसे अब तक का सबसे मजबूत और धमाकेदार सीजन बता रहे हैं।

जून में होगा प्रीमियर, भारतीय दर्शकों के लिए बड़ी अपडेट

'हाउस ऑफ द ड्रैगन' सीजन 3 का वर्ल्डवाइड प्रीमियर 21 जून 2026 को होने जा रहा है। भारतीय दर्शकों की बात करें, तो भारत में यह 22 जून से जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर स्ट्रीम किया जाएगा। इस नए सीजन में कुल 8 एपिसोड होंगे, जिन्हें हर हफ्ते एक-एक कर रिलीज किया जाएगा। फैंस के लिए एक और बड़ी खबर यह है कि एचबीओ इस सीरीज को चौथे और आखिरी सीजन के लिए पहले ही रिन्यू कर चुका है, यानी कहानी अब अपने अंतिम और सबसे रोमांचक दौर की तरफ बढ़ रही है।

ब्लैक्स बनाम ग्रीन्स छिड़ गया है गृहयुद्ध

सीजन 2 के अंत में वेस्ट्रोस पूरी तरह से युद्ध के मुहाने पर खड़ा दिखाई दिया था। क्वीन रैनेरा टार्गेरियन और 'ब्लैक्स' की पूरी सेना आयरन थ्रोन पर कब्जा करने के लिए 'ग्रीन्स' को खुली चुनौती देने की तैयारी में थी। दूसरी ओर, एमंड टार्गेरियन किंग्स लैंडिंग के सबसे खतरनाक और बेरहम चेहरे के रूप में उभर चुका है। सीजन 3 में वही खूनी टकराव सीधे स्क्रीन पर उतरने जा रहा है, जिसकी नींव पिछले दो सीजन से लगातार रखी जा रही थी।

'बैटल ऑफ द गलेट' पर टिकी सबकी नजरें

इस सीजन की कहानी में 'बैटल ऑफ द गलेट' को सबसे अहम माना जा रहा है। जॉर्ज आर.आर. मार्टिन की मशहूर किताब 'फायर एंड ब्लड' में इसे इतिहास की सबसे विनाशकारी घटनाओं में गिना गया है। इस महायुद्ध के साथ ही कहानी में कई ऐसे अप्रत्याशित मोड़ आने की उम्मीद है, जो सातों राज्यों में ताकत के संतुलन को पूरी तरह से बदल कर रख देंगे। अब टार्गेरियन साम्राज्य में युद्ध सिर्फ एक खतरा नहीं, बल्कि हकीकत बन चुका है और ड्रेगन की आग वेस्ट्रोस को झुलसाने के लिए तैयार है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bharat Samachar