Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Tragic accident in Haridwar: श्रद्धालुओं से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, पलटने से 1 महिला की मौत, 26 घायल.

Tragic accident in Haridwar: श्रद्धालुओं से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, पलटने से 1 महिला की मौत, 26 घायल.

रिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में सोमवार सुबह एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। शांतिकुंज के पास गंगा में पवित्र स्नान कर लौट रहे तीर्थयात्रियों से भरी एक डबल-डेकर बस को एक तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस हाईवे पर ही पलट गई। इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 अन्य तीर्थयात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

यह घटना उस वक्त हुई जब श्रद्धालु गंगा स्नान करने के बाद अपने अगले गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे।

लिंक रोड से आ रहे डंपर ने पीछे से मारी टक्कर: सीओ सिटी

हादसे की जानकारी देते हुए हरिद्वार के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

शिशुपाल सिंह नेगी ने मामले का विवरण साझा करते हुए कहा:

"हादसे का शिकार हुई बस एक डबल-डेकर गाड़ी थी, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर 'AP' का था, लेकिन उसका मालिक राजस्थान के नागौर का रहने वाला है। यह श्रद्धालु तीन बसों के एक बड़े काफिले में हरिद्वार आए थे। सोमवार सुबह गंगा में पवित्र स्नान करके लौटते समय यह ग्रुप हाईवे पर तिरसी चौकी के सामने से टॉर्स चंडी चौकी की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक लिंक रोड से अचानक आए डंपर ट्रक ने बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।"

सीओ सिटी ने आगे बताया कि बस में सवार यात्रियों में ज्यादातर महिलाएं थीं। टक्कर लगते ही चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों व पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

26 घायलों का इलाज जारी, हालत स्थिर: एसडीएम

उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा ने बताया कि जिला आपदा परिचालन केंद्र को जैसे ही बॉर्डर के पास बस पलटने की खबर मिली, तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया हैं।

बता दें, कुल 26 घायल तीर्थयात्रियों को सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है। राहत की बात यह है कि अस्पताल में उपचाराधीन सभी घायल यात्रियों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

जब एसडीएम से हादसे के सटीक कारणों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "इस समय दुर्घटना के कारणों को लेकर किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस और प्रशासन मामले की पूरी जांच कर रहा है, रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। हमारी पहली प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराना है।"

हाईवे पर हुए इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे क्रेन की मदद से बस को हटाकर सुचारू कराया गया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bharat Samachar