Facebook News: फेसबुक पर वीडियो पोस्ट करने के बाद अगर उम्मीद के मुताबिक व्यूज नहीं आते हैं तो हर बार इसकी वजह वीडियो का कंटेंट नहीं होता. कई बार वीडियो डालने का समय भी उसकी पहुंच और शुरुआती प्रतिक्रिया पर असर डालता है.
हालांकि, हर क्रिएटर के लिए एक ही समय सबसे अच्छा हो, ऐसा जरूरी नहीं है. अलग-अलग लोगों के फेसबुक इस्तेमाल करने का समय अलग होता है. ऐसे में कुछ खास समय पर वीडियो पोस्ट करके आप अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर सकते हैं.
सुबह का समय क्यों माना जाता है अच्छा?
कई सोशल मीडिया रिपोर्ट में फेसबुक पर सुबह के समय अच्छा जुड़ाव देखने को मिलता है. खासकर सप्ताह के कामकाजी दिनों में सुबह 8 बजे से दोपहर तक का समय वीडियो पोस्ट करने के लिए अच्छा माना जाता है. कुछ विश्लेषणों में सुबह 9 बजे को भी पोस्ट करने के लिए बेहतर समय बताया गया है.
अगर आपकी ऑडियंस नौकरी या पढ़ाई करती है तो सुबह उठने के बाद और अपना काम शुरू करने से पहले लोग अक्सर सोशल मीडिया देखते हैं. ऐसे में सुबह 8 से 11 बजे के बीच वीडियो डालकर यह देखना उपयोगी हो सकता है कि आपकी ऑडियंस किस समय सबसे ज्यादा प्रतिक्रिया देती है.
शाम का समय भी हो सकता है फायदेमंद
भारत में मनोरंजन, खबरों, कॉमेडी और छोटे वीडियो वाले कंटेंट के लिए शाम का समय काफी अहम हो सकता है. काम या पढ़ाई खत्म होने के बाद लोग मोबाइल पर ज्यादा समय बिताते हैं. कुछ हालिया विश्लेषणों में शाम 6 से 8 बजे के बीच फेसबुक पर पोस्ट करने को भी एक अच्छा शुरुआती समय बताया गया है.
अगर आपका कंटेंट मनोरंजन या तेजी से वायरल होने वाले वीडियो से जुड़ा है तो इस समय को भी जरूर आजमाकर देखना चाहिए. कुछ दिनों तक लगातार इस समय वीडियो डालने से आपको पता चल सकता है कि आपकी ऑडियंस कैसी प्रतिक्रिया दे रही है.
किस दिन वीडियो पोस्ट करना बेहतर?
वीडियो पोस्ट करने में दिन का भी असर पड़ सकता है. सामान्य आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार से गुरुवार के बीच फेसबुक पर लोगों की सक्रियता बेहतर देखी जाती है. कई रिपोर्ट में बुधवार को भी अच्छा प्रदर्शन करने वाला दिन बताया गया है.
इसलिए शुरुआत में आप मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को अलग-अलग समय पर वीडियो पोस्ट करके देख सकते हैं. इससे आपको अपनी ऑडियंस के व्यवहार को समझने में मदद मिलेगी.
फेसबुक इनसाइट्स से मिलेगा सही जवाब
सबसे जरूरी बात यह है कि दूसरे क्रिएटर्स के बताए समय को बिना सोचे-समझे अपने पेज पर लागू न करें. हर पेज की ऑडियंस अलग होती है. इसलिए आपके लिए सबसे सही समय वही होगा, जब आपके दर्शक सबसे ज्यादा ऑनलाइन हों.
इसके लिए फेसबुक इनसाइट्स में अपने पेज का डेटा देखें. कुछ हफ्तों तक अलग-अलग समय पर वीडियो पोस्ट करें और व्यूज, वीडियो देखने का समय, प्रतिक्रिया, कमेंट और शेयर जैसे आंकड़ों की तुलना करें. जिस समय लगातार बेहतर नतीजे मिलें, उसी समय को अपने वीडियो पोस्ट करने के नियमित समय के तौर पर इस्तेमाल करना ज्यादा सही रहेगा.
ये भी पढ़ें- उज्बेकिस्तान ने PM मोदी को दिया अपना सर्वोच्च सम्मान, यूरेनियम सप्लाई समेत कई अहम समझौतों का ऐलान

