Pakistani boxer Qudratullah: ग्लासगो में खत्म हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के बाद पाकिस्तान एक बार फिर विवादों में आ गया है. इस बार मामला पाकिस्तानी मुक्केबाज कुदरतुल्लाह के लापता होने का है.
बताया जा रहा है कि वह टीम होटल से अचानक गायब हो गए, जिसके बाद पाकिस्तान बॉक्सिंग फेडरेशन (PBF) और टीम प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं. यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के बाद कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी विदेश में गायब हुआ हो. इससे पहले भी कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं.
टीम होटल से अचानक गायब हुए कुदरतुल्लाह
रिपोर्ट्स के अनुसार, कुदरतुल्लाह अपना मुकाबला खेलने के बाद टीम के साथ ग्लासगो में ही रुके हुए थे. उन्हें 2 अगस्त को पाकिस्तान लौटना था, लेकिन टीम के स्कॉटलैंड से रवाना होने से करीब छह घंटे पहले वह अचानक लापता हो गए.
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उनका पासपोर्ट टीम मैनेजर के पास जमा था, फिर भी वह सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर होटल से निकलने में सफल रहे. बताया गया कि उन्हें आखिरी बार रविवार सुबह करीब 2 बजे उनके होटल के कमरे में देखा गया था. जब सुबह वह टीम के साथ लॉबी में नहीं पहुंचे, तो पुलिस को सूचना दी गई.
पहले भी गायब हो चुके हैं खिलाड़ी
पाकिस्तानी खिलाड़ियों के विदेश में गायब होने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (बर्मिंघम) के दौरान भी दो पाकिस्तानी मुक्केबाज सुलेमान बलोच और नजीरुल्लाह खान लापता हो गए थे. उस समय भी उनके पासपोर्ट टीम प्रबंधन के पास थे.
इसी तरह 2024 वर्ल्ड ओलंपिक क्वालीफायर (इटली) के दौरान एशियाई गोल्ड मेडल विजेता मुक्केबाज जोहैब रशीद भी अपने रूममेट का विदेशी पैसा और कीमती सामान लेकर गायब हो गए थे.
कॉमनवेल्थ गेम्स में पाकिस्तान का प्रदर्शन भी रहा कमजोर
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पाकिस्तान का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. पाकिस्तान का 36 सदस्यीय दल टूर्नामेंट के बाद स्वदेश लौट चुका है. पूरे आयोजन में पाकिस्तान को सिर्फ एक ब्रॉन्ज मेडल मिला, जिसे महिला मुक्केबाज फातिमा जहरा ने जीता. कुदरतुल्लाह के लापता होने के बाद पाकिस्तान की खेल व्यवस्था और टीम प्रबंधन को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं.
ये भी पढ़ें- DRDO और Safran मिलकर बनाएंगे AMCA का नया इंजन, ज्वाइंट वेंचर को मिलेगी मंजूरी! जानें ताकत और खासियत

