PM Modi Indonesia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की विदेश यात्रा पर हैं. अपनी यात्रा के पहले चरण में वे इंडोनेशिया पहुंचे, जहां राजधानी जकार्ता में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया.
जकार्ता एयरपोर्ट पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया. यह मुलाकात दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों का संकेत मानी जा रही है. इससे पहले एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें दिखा कि जब प्रधानमंत्री का विमान इंडोनेशियाई हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ, तो वहां की वायुसेना के लड़ाकू विमान सुरक्षा के लिए साथ उड़ान भर रहे थे. दो दिवसीय यात्रा का कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी 6 जुलाई से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया में रहेंगे. इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. वे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे और दोनों देशों के बीच रिश्तों को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे.
भारत-इंडोनेशिया साझेदारी पर जोर
यह यात्रा भारत और इंडोनेशिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है. मई 2018 के बाद यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है. दोनों देशों के बीच सहयोग अब केवल पारंपरिक रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यापार, तकनीक, स्वास्थ्य, कृषि और रक्षा जैसे क्षेत्रों तक फैल चुका है.
डिजिटल भुगतान में बड़ी पहल
इंडोनेशिया अब भारत की डिजिटल भुगतान प्रणाली से भी जुड़ने की दिशा में काम कर रहा है. प्रस्तावित यूपीआई और क्यूआरआईएस लिंकिंग के जरिए दोनों देशों के लोग आसानी से डिजिटल भुगतान कर सकेंगे. इससे यात्रियों और व्यापारियों को बिना रुकावट के पैसे का लेन-देन करने की सुविधा मिलेगी. साथ ही पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
विकास और तकनीक में सहयोग
इंडोनेशिया भारत को सिर्फ एक साझेदार नहीं, बल्कि विकास और तकनीकी मॉडल के एक भरोसेमंद स्रोत के रूप में भी देख रहा है. भारत के डिजिटल गवर्नेंस और सार्वजनिक नीति से जुड़े अनुभवों को इंडोनेशिया अपने विकास में अपनाने की कोशिश कर रहा है.

