Bahraich : जनपद में माफिया गब्बर सिंह के गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अनिल नगर पालिका परिषद बहराइच में क्लर्क के पद पर तैनात है और लंबे समय से गिरोह के साथ जुड़कर काम कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक यह गैंग शहर और आसपास के क्षेत्रों में कीमती जमीन, मकान और अन्य संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने का काम करता था। आरोपी अनिल भी इस गिरोह के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा था और जमीन से जुड़े विवादों में गैंग की मदद करता था।
थाना दरगाह क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के पास से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। इस मामले में थानाध्यक्ष रामाज्ञा सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई से आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

