Mihipurwa, Bahraich : विधानसभा बलहा क्षेत्र के नगर पंचायत मिहीपुरवा में समाजवादी पार्टी की भावी उम्मीदवार एवं सपा नेत्री ललिता हरेंद्र पासवान की ओर से अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती एवं हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर रविवार को जरही रोड स्थित नवीन मैरिज हॉल में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र एवं जनपद के पत्रकारों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार समाज को जागरूक करने, जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके आदर्शों एवं समाज सेवा व सुशासन में उनके योगदान को याद किया। साथ ही हिंदी पत्रकारिता दिवस के महत्व पर चर्चा करते हुए पत्रकारों के कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम का संचालन पत्रकार जमील कुरैशी ने कुशलतापूर्वक किया। कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर पूर्व समाज कल्याण मंत्री बंशीधर बौद्ध ने देश में बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल की कीमतों तथा खाद की कमी से जूझ रहे किसानों की समस्याओं पर खुलकर अपनी बात रखी। वहीं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता जुग्गी लाल यादव और प्रदीप गौतम ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में अनूप मौर्या, मदन चौहान, पूनम गौतम, सीता पासी सहित कई कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही अनिल कुमार कुशवाहा, मनीष सिंह, मिथिलेश जायसवाल, मनोज तिवारी, जुनैद खान, मदन पोरवाल, जमील कुरैशी, हरगोविंद पांडे, अजीत मौर्य, रईस खान, दुर्गेश वर्मा, राम जिववान, विनोद शर्मा, मोहम्मद असलम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

