- मटेरा थाना क्षेत्र के खाटकनपुरवा गांव में हादसा, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
Bahraich : जनपद के मटेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खाटकनपुरवा गांव में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी चपेट में आकर ग्रामीणों के पांच आशियाने जलकर पूरी तरह राख हो गए।
आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घरों में रखी पूरी गृहस्थी भी जलकर खाक हो गई। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। काफी प्रयासों के बाद आग को फैलने से रोका जा सका, जिससे आसपास के अन्य घरों को बचाया जा सका।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आंकलन करने में जुटी हुई है। प्रशासन द्वारा पीड़ितों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।

