Dailyhunt
Bahraich :  मेडिकल कॉलेज में कैंपस कॉलिंग कार्यक्रम का आयोजन

Bahraich : मेडिकल कॉलेज में कैंपस कॉलिंग कार्यक्रम का आयोजन

Bhaskar Digital 1 week ago
  • पांच छात्र-छात्राएं बने एंबेसडर, महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता की ली शपथ

Bahraich : महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय से संबद्ध कॉलेज ऑफ नर्सिंग में राष्ट्रीय महिला आयोग के निर्देशानुसार 'कैंपस कॉलिंग प्रोग्राम' का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम नर्सिंग के उप-प्रधानाचार्य डॉ. सुदीश एस. एवं अन्य शिक्षकों के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को चलचित्र के माध्यम से कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम, लैंगिक समानता और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं को यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा संस्थान स्तर पर गठित आंतरिक शिकायत समिति की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

उन्हें बताया गया कि कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 के तहत शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और उसके साथ किसी प्रकार का दबाव या प्रताड़ना न हो, इसकी जिम्मेदारी संस्थान की होती है। आवश्यकता पड़ने पर शिकायतकर्ता को सुरक्षित माहौल देने के लिए कक्षा या कार्यस्थल में अस्थायी बदलाव जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

सत्र में यह भी स्पष्ट किया गया कि यौन उत्पीड़न केवल शारीरिक दुर्व्यवहार तक सीमित नहीं है। इसमें अशोभनीय टिप्पणी करना, गलत इशारे करना, बिना अनुमति छूना, बार-बार अनचाहा संपर्क करना, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक संदेश भेजना, धमकी देना या लैंगिक आधार पर अपमानजनक व्यवहार करना भी शामिल है। ऐसे मामलों में सहपाठी, शिक्षक, कर्मचारी या परिसर से जुड़ा कोई भी व्यक्ति आरोपी हो सकता है।

कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा के विषय पर भी जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, निजी जानकारी साझा करने से बचने तथा ऑनलाइन उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने के तरीकों के बारे में बताया गया।

इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ली। कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता के आधार पर पांच विद्यार्थियों को 'एंबेसडर' के रूप में चयनित किया गया। इनमें तीन छात्राएं महिमा मिश्रा, खुशी सिंह एवं खुशी शुक्ला, तथा दो छात्र सिद्धार्थ अवस्थी और राजकुमार यादव शामिल हैं।

सुरक्षित व समावेशी माहौल बनाना है उद्देश्य

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. संजय खत्री ने कहा कि 'कैंपस कॉलिंग प्रोग्राम' का उद्देश्य शिक्षण संस्थानों में सुरक्षित, सम्मानजनक और समावेशी वातावरण तैयार करना है, जिससे छात्र-छात्राएं जेंडर भेदभाव, यौन उत्पीड़न और साइबर अपराध जैसी चुनौतियों के प्रति सजग रह सकें।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital