Payagpur Tehsil, Bahraich : बहराइच जनपद के पयागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भूपगंज बाज़ार से एक ही मोहल्ले की चार बच्चियां बीती रात रहस्यमयी ढंग से लापता हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
इनमें तीन बच्चियां नाबालिग बताई जा रही हैं, जिससे परिजनों की चिंता और भी बढ़ गई है। यह भी पता लगाया है कि यह चारों अपने साथ आधार कार्ड अन्य ज़रूरी काग़ज़ात भी लेकर गई है l
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया। परिजन अपने स्तर पर बच्चियों की तलाश में जुटे हुए हैं, वहीं स्थानीय लोगों की भारी भीड़ भी मौके पर इकट्ठा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस भी हरकत में आ गई है। थाना पयागपुर की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक साथ चार बच्चियों का गायब होना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
एस एच ओ दीपक सिंह का कहना है कि जल्द ही बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध जानकारी को तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

