बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के हल्दीरामपुर स्थित छपिया राजभर बस्ती में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिसमें करीब 150 घर जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि घरों में रखे आधा दर्जन से अधिक गैस सिलेंडर फट गए, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया।
इस हादसे में दर्जनों महिला और पुरुष आग की चपेट में आकर झुलस गए। वहीं बेचन राजभर और उनकी बेटी कंचन की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दोनों घर का सामान, नगदी और जेवर बचाने के लिए अंदर गए थे, लेकिन आग में फंसकर बुरी तरह झुलस गए। इसके अलावा आधा दर्जन पशुओं की भी जलकर मौत हो गई।

घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सियर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया। आग में कई घरों की नगदी, जेवरात और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।

घटना के दौरान अग्निशमन विभाग की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंच सकीं, जिससे ग्रामीणों ने खुद और निजी पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने की भरसक कोशिश की। इस भीषण अग्निकांड से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।

