- जदयू ने प्रदर्शन कर उठाई बालू चोरों पर कार्रवाई की मांग
- 48 घंटे का अल्टीमेटम देकर आंदोलन करने की चेतावनी
Banda : वर्षाकाल शुरू होते ही जहां खनन पट्टाधारकों ने बालू खनन का काम ठप कर दिया है, वहीं अब बालू चोरों के गिरोह सक्रिय हो गए हैं।
जीवनदायिनी केन नदी के विभिन्न घाटों पर शाम ढलते ही बालू चोर अपना डेरा जमा लेते हैं और मशीनों के जरिए नदी में अवैध खनन करके ट्रैक्टरों में भरकर बालू का अवैध परिवहन कर रहे हैं। जदयू नेताओं ने सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर अवैध बालू खनन में जुटे बालू चोरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग बुलंद की और 48 घंटे का अल्टीमेटम देकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को जनता दल यूनाइटेड की प्रदेश उपाध्यक्ष व बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी पटेल की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से जदयू कार्यकर्ताओं ने बताया है कि जीवनदायिनी केन नदी में इन दिनों धड़ल्ले से बालू का अवैध खनन किया जा रहा है और ट्रैक्टरों के जरिए बालू की अवैध निकासी भी की जा रही है। कहा है कि केन नदी घाटों से बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन कर कर्बला रोड, खुटला, राजघाट, हटेटी पुरवा, काहला, मर्दननाका, गंछा तथा नवाब टैंक के सामने से खुलेआम बालूभरे ट्रैक्टर फर्राटा भर रहे हैं। जिससे जहां सरकारी राजस्व को लाखों की चपत लगाई जा रही है, वहीं शहर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से बताया है कि बाढ़ से बचाव के लिए बने तटबंध के ऊपर बालू भरे ट्रैक्टरों की धमाचौकड़ी से भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका भी बढ़ रही है। जदयू ने अवैध खनन व बालू की अवैध निकासी पर कड़ाई से रोक लगाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग बुलंद की है। जदयू नेत्री शालिनी सिंह पटेल ने 48 घंटे का अल्टीमेटम देकर अवैध खनन व शहर में बालू भरे ट्रैक्टरों की धमाचौकड़ी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। अन्यथा की स्थिति में धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी है।

