- धूम्रपान से दूर रहकर समाज को जागरूक करने का आह्वान
- नशा मुक्ति अभियानों को प्रभावी बनाने का लिया संकल्प
Banda : पुलिस कार्यालय सहित जिले के सभी कोतवाली, थानों और चौकियों पर रविवार को तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।
सहायक पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी लाइन मेविस टॉक ने पुलिस लाइन में उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकू व अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने तथा समाज को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने पुलिस कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाते हुए इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए सभी कार्मिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा तंबाकू मुक्त समाज निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया। सहायक पुलिस अधीक्षक ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। इससे न केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि उसकी कार्यक्षमता और पारिवारिक जीवन पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। एक स्वस्थ पुलिसकर्मी ही बेहतर ढंग से समाज की सुरक्षा और सेवा कर सकता है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि तंबाकू का नशा एक धीमा जहर है, जो समाज और विशेष रूप से युवा पीढ़ी को नुकसान पहुंचा रहा है। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों व जवानों ने शासन की ओर से संचालित नशामुक्ति अभियानों को प्रभावी बनाने तथा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी रखने का भी संकल्प दोहराया।
शपथ के दौरान पुलिसकर्मियों ने तंबाकू उत्पादों का सेवन न करने, अपने परिजनों, मित्रों और सहकर्मियों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को तंबाकू मुक्त बनाए रखने में सहयोग देने का संकल्प लिया।

