- उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने डीएम को सौंपा 7 सूत्रीय ज्ञापन
- गांधीनगर जलकल परिसर में कोई पिंक टॉयलेट संचालित नहीं: राकेश कुमार सिंह
Basti : सोमवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों और व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी को 7 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
इसमें मांग की गई कि गांधीनगर जलकल स्थित बंद शौचालय एवं वाटर एटीएम का संचालन तथा जनपद के सभी वाटर एटीएम को शुरू कराया जाए।
ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक में नगर पालिका परिषद बस्ती के अधिशासी अधिकारी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया था कि गांधीनगर जलकल परिसर में वाटर एटीएम एवं पिंक टॉयलेट संचालित हैं, जबकि वास्तव में वहां कोई पिंक टॉयलेट संचालित नहीं है। वहां केवल महिला एवं पुरुष शौचालय निर्मित हैं।
उन्होंने बताया कि उक्त शौचालयों के अंदर एवं बाहर ताले लगे हुए मिले तथा परिसर में व्यापक गंदगी फैली हुई पाई गई। स्थानीय नागरिकों एवं आसपास के लोगों से जानकारी प्राप्त करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त शौचालय का नियमित संचालन नहीं किया जाता है और यह अधिकांश समय बंद रहता है। उन्होंने जनहित में इसे शीघ्र ठीक कराने की मांग की।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के मंडल अध्यक्ष हरिमूर्ति सिंह 'मनोज' एवं कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में जनपद में स्थापित लगभग 15 वाटर एटीएम बंद पड़े हैं, जिससे आम जनता, राहगीरों, व्यापारियों एवं अन्य नागरिकों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इसे शीघ्र ठीक कराया जाए।
डीएम को सौंपे 7 सूत्रीय ज्ञापन में गांधीनगर जलकल परिसर स्थित महिला एवं पुरुष शौचालय को तत्काल जनसामान्य के उपयोग हेतु संचालित कराए जाने, शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता सुनिश्चित कराने, गांधीनगर जलकल स्थित बंद वाटर एटीएम को तत्काल चालू कराए जाने, जनपद में स्थापित सभी वाटर एटीएम की जांच कराकर उन्हें नियमित रूप से संचालित कराए जाने, गांधीनगर क्षेत्र सहित जनपद के अन्य स्थानों पर भीषण गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने, महाराजगंज बाजार में एनएच-27 के सर्विस रोड पर आरसीसी सड़क के गुणवत्ताविहीन निर्माण की जांच कराकर मानक के अनुसार निर्माण कराने आदि की मांग शामिल है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला महामंत्री आलोक कुमार दूबे, जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंह, नगर अध्यक्ष राणा महेंद्र प्रताप, उद्योग मंच जिलाध्यक्ष कमलेश चौधरी, महिला मोर्चा वंदना वर्मा, भरतराम बबलू गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, धीरेन्द्र कुमार चौधरी, राम गोपाल सिंह आदि शामिल रहे।

